कटिहार में आंधी का कहर: पेड़ गिरने से 1 की मौत और 5 घायल, 3 घरों को पहुंचा नुकसान
फलका थाना क्षेत्र के गयारहिका गांव में मंगलवार रात आंधी-बारिश से एक विशाल पीपल का पेड़ तीन घरों पर गिर गया। हादसे में विलास राम की मौत हो गई, जबकि उनक ...और पढ़ें

पीपल का पेड़ गिरने से हड़कंप। फोटो जागरण
HighLights
फलका के गयारहिका गांव में आंधी से पेड़ गिरा।
एक व्यक्ति की मौत, परिवार के पांच सदस्य घायल।
ग्रामीणों ने मलबे से लोगों को बाहर निकाला।
संवाद सूत्र, फलका (कटिहार)। फलका थाना क्षेत्र के मघेली पंचायत अंतर्गत गयारहिका गांव में मंगलवार की रात आंधी और बारिश ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। रात करीब नौ बजे अचानक मौसम ने करवट ली और तेज हवा के साथ आई आंधी ने गांव में तबाही मचा दी।
इस दौरान एक पुराना विशाल पीपल का पेड़ तीन घरों पर गिर पड़ा, जिससे घर के अंदर मौजूद लोग मलबे और पेड़ के नीचे दब गए। गयारहिका निवासी विलास राम (35 वर्ष) की पेड़ से दबकर मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उसकी पत्नी भारती देवी, पुत्र बालवीर कुमार, दुर्गेश कुमार व पुत्री निभा व शिवानी कुमारी घायल हो गई।
ग्रामीणों ने निकाला बाहर
घायलों को उपचार के लिए कोढ़ा अस्पताल भेजा गया। घटना के बाद दहशत का माहौल बन गया। जान बचाने के लिए लोग इधर-उधर भागने लगे। शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और अंधेरे तथा खराब मौसम के बीच मशक्कत कर दबे लोगों को बाहर निकाला।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विलास राम, कैलाश राम और विकास राम के घरों पर यह विशालकाय पेड़ गिरा था। हादसा इतना भयावह था कि देखते ही देखते टीन का मकान क्षतिग्रस्त हो गया तथा परिवार के सदस्य अंदर ही फंस गए। ग्रामीणों की तत्परता से कई लोगों की जान बच सकी। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
खबरें और भी
मृतक विलास राम के घर पर स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है। चीत्कार सुनकर आसपास के लोगों की आंखें भी नम हो गई। आंधी में बिजली के कई पोल गिर गए। बिजली आपूर्ति बाधित हो गई है।
घटना की सूचना मिलते ही फलका थानाध्यक्ष प्रहलाद यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। वहीं प्रशासन द्वारा क्षति का आकलन कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।