बिहार पुलिस रेडियो ऑपरेटर परीक्षा में सॉल्वर गिरोह एक्टिव, 17 पर एफआईआर; 15 गिरफ्तार
बिहार पुलिस रेडियो ऑपरेटर भर्ती परीक्षा में सॉल्वर गिरोह की सक्रियता सामने आने के बाद खगड़िया पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। इस मामले में 17 लोगों के ख ...और पढ़ें

बिहार पुलिस रेडियो ऑपरेटर परीक्षा में सॉल्वर गिरोह एक्टिव, 17 पर एफआईआर; 15 गिरफ्तार

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, खगड़िया। बिहार पुलिस रेडियो ऑपरेटर भर्ती परीक्षा में सॉल्वर गिरोह की सक्रियता खगड़िया में सामने आने के बाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। नगर थाना में सेंट जेवियर्स स्कूल के केंद्राधीक्षक ब्रजेश कुमार समेत 17 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
ब्रजेश कुमार अलौली प्रखंड के दहमा खेरी खुटहा हाई स्कूल में प्रधानाध्यापक हैं। वह खगड़िया के चित्रगुप्तनगर थाना क्षेत्र के सन्हौली गांव का रहने वाला है। चित्रगुप्तनगर थाना क्षेत्र के राजेंद्र नगर निवासी अरविंद कुमार को भी गिरफ्तार किया गया है। वह शिक्षक बताया गया है।
पुलिस के वरीय अधिकारी पूरे मामले की गहन जांच-पड़ताल में जुटे हुए हैं। परीक्षा में गड़बड़ी, सॉल्वर गिरोह के नेटवर्क और अन्य आरोपितों की भूमिका की पड़ताल की जा रही है। सॉल्वर गिरोह की भूमिका सामने आने के बाद हड़कंप मचा हुआ है।
खगड़िया पुलिस उक्त गिरोह के संपूर्ण ताना-बाना को खंगालने में जुटी हुई है। परीक्षा में पास कराने के लिए पांच से छह लाख रुपये प्रति विद्यार्थी की दर से सॉल्वर गैंग के सदस्यों ने ठेका लिया था। इसको लेकर ब्लैंक चेक लिया गया था।
खबरें और भी
इधर, सोमवार को खगड़िया एसपी भानु प्रताप सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर बताया कि सूचना मिली कि बीते रविवार को जिला मुख्यालय के 13 केंद्रों पर आयोजित बिहार पुलिस रेडियो ऑपरेटर भर्ती परीक्षा परीक्षा में पास कराने के नाम पर सॉल्वर गिरोह द्वारा सेटिंग की गई है।
त्वरित कार्रवाई करते हुए एसडीपीओ वन मुकुल रंजन और साइबर डीएसपी निशांत गौरव के नेतृत्व में नगर थानाध्यक्ष राकेश कुमार गुप्ता, चित्रगुप्तनगर थानाध्यक्ष नवीन कुमार और समुचित प्रशिक्षित जवानों की टीम बनाकर सफल आपरेशन की जिम्मेदारी दी गई।
टीम द्वारा कई केंद्रों से फर्जी परीक्षार्थियों को गिरफ्तार किया गया। जबकि नौ मोबाइल, बैंक चेक सात, दो चार पहिया वाहन, एक बाइक, आठ एडमिट कार्ड, एटीएम, आधार कार्ड आदि बरामद किए गए हैं।
एसपी के अनुसार पुलिस की ससमय की गई कार्रवाई के कारण सॉल्वर गैंग अपने मंसूबे में कामयाब नहीं हो पाई। इनकी मंशा थी कि किसी ने किसी रूप से संबंधित परीक्षार्थी को लाभान्वित किया जाए, जो असफल रहा।
इन शातिरों की हुई है गिरफ्तारी
भोजपुर जिले के बबुआ थाना अंतर्गत बबुआ गांव के उदय कुमार, भोजपुर जिले के ही बबुआ, थाना बबुआ के मनीष कुमार, बबुआ के ही वीरू कुमार, खगड़िया के मानसी थाना के अमनी गांव के प्रीतम कुमार, मोरकाही थाना के माड़र गांव के सुजीत कुमार, माड़र के ही प्रवीण कुमार उर्फ निटू को गिरफ्तार किया गया है।
खगड़िया के ही चित्रगुप्तनगर थाना के राजेंद्र नगर निवासी अरविंद कुमार, मोरकाही थाना के माड़र के प्रेमजीत कुमार भी पुलिस गिरफ्त में आया है। अरविंद कुमार शिक्षक बताया जा रहा है।
वहीं पटना के बैगमा, थाना विक्रम के बबलू कुमार, वैशाली जिले के राघोपुर, थाना जोराबरपुर के रोशन सिंह, नवादा जिले के मोवाडीह, थाना रुपो के मनीष कुमार, अरवल के पुरेनिया, थाना किंजर के मनीष कुमार, अरवल के ही मेरोगंज, थाना कुरधा के सचिन शेखर, खगड़िया के चित्रगुप्तनगर थाना क्षेत्र के सन्हौली गांव निवासी ब्रजेश कुमार, भोजपुर जिले के बड़हरा थाना के मोहनपुर कर्जा गांव निवासी संजीव कुमार पांडेय को भी गिरफ्तार किया गया है।
गिरफ्तार ब्रजेश कुमार सेंट जेवियर्स स्कूल खगड़िया में केंद्राधीक्षक के रूप में कार्यरत था। वह दहमा खेरी खुटहा हाई स्कूल का प्रधानाध्यापक बताया गया है।
इधर, एसपी ने बताया कि कानून को हाथों में लेने वाले चाहे कितना ही ताकतवर क्यों ना हो बख्शे नहीं जाएंगे। 17 को नामजद करते हुए केस दर्ज किया गया है। 15 आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया है। शेष दो आरोपितों की गिरफ्तारी को लेकर छापामारी की जा रही है।
जिला शिक्षा पदाधिकारी अमरेंद्र कुमार गोंड ने बताया कि उक्त परीक्षा में एक प्रधानाध्यापक और एक शिक्षक की भी भूमिका सामने आई है। दोनों पर विभागीय स्तर से कार्रवाई की जाएगी।