Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 21, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

    Bihar Politics: इधर चिराग मंत्रालय में व्यस्त उधर चाचा पारस ने कर दिया बड़ा एलान; PM Modi का भी लिया नाम

    Updated: Wed, 21 Aug 2024 11:09 AM (GMT+05:30)

    Bihar News राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी के मुखिया पशुपति पारस एक बार फिर से एक्टिव हो गए हैं। उन्होंने इस बीच बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा एलान क ...और पढ़ें

    चिराग पासवान और पशुपति पारस (जागरण फोटो)
    चिराग पासवान और पशुपति पारस (जागरण फोटो)

    HighLights

    1. पशुपति पारस ने चिराग पासवान पर भी साधा निशाना
    2. पशुपति पारस ने आगामी चुनाव को लेकर बड़ा एलान किया
    3. पशुपति पारस ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की जमकर प्रशंसा की

    जागरण संवाददाता, खगड़िया। Bihar Political News Today: राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह पूर्व केंद्रीय मंत्री पशुपति कुमार पारस मंगलवार को खगड़िया पहुंचे। यहां उन्होंने संवाददाता सम्मेलन को संबोधित किया। इस मौके पर बिहार सरकार पर हमलावर भी दिखे। उन्होंने इस दौरान भतीजे चिराग पासवान पर भी जमकर हमला बोला। इस दौरान उन्होंने विधानसभा चुनाव में सीटों को लेकर भी एलान कर दिया।

    चिराग पासवान पर साधा निशाना

    उन्होंने इशारे ही इशारे में अपने भतीजे चिराग पासवान (Chirag Paswan) पर भी निशाना साधा। कहा, कुछ लोग ऐसे भी हैं, जिनको पांच-पांच सीटें मिली। बावजूद उनके सभी लोग भाग गए। संगठन हमारा मजबूत है। संगठन के लोगों को मैंने कहा कि एनडीए के ईमानदार सहयोगी दल के रूप में हम हैं।

    एनडीए से बात नहीं बनी तो 243 सीटों पर उतारेंगे उम्मीदवार

    पशुपति पारस ने कहा कि आगामी दिनों में बिहार के 243 विधान सभा सीटों पर राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी को मजबूत करना हमारा प्रयास है। अगर एनडीए के साथ हमारा तालमेल हुआ, तो सभी सीटों पर हमारी पार्टी एनडीए की मजबूती के साथ समर्थन करेगी। अगर नहीं हुआ तो सभी 243 सीटों पर राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी खुद चुनाव लड़ेगी।

    हमारी पार्टी दलितों की पार्टी है इसलिए न्याय नहीं हुआ: पशुपति पारस

    पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा कि लोकसभा चुनाव में हमारे साथ न्याय नहीं हुआ। हमारी पार्टी दलितों की पार्टी है, इसलिए हमें न्याय नहीं मिला। फिर भी मैं एनडीए गठबंधन के साथ था और हूं। उन्होंने कहा कि 31 जुलाई को हमने पटना में पार्टी की बैठक बुलाई। जिसमें बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। खुशी की बात है कि हमें लोकसभा चुनाव में एक भी सीट पर लड़ने का मौका नहीं मिला, फिर भी हमारे दल के लोग भागे नहीं।

    खबरें और भी

    पशुपति पारस ने अफसरशाही पर बोला हमला

    पशुपति पारस ने अफसरशाही पर हमला बोलते हुए कहा कि बीते दिनों बिहार में दलितों के साथ तीन- चार जघन्य घटनाएं घटी है। जिसका दलित सेना विरोध करती है।

    पशुपति पारस (Pashupati Paras) ने कहा कि, ऐसा इसलिए हो रहा है कि बिहार में अफसरशाही है। प्रशासनिक चुप्पी के कारण दिन-प्रतिदिन बिहार में अपराध बढ़ रहा है। अपराधियों पर अंकुश नहीं है। उन्होंने कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि पहले गलत करने वालों को त्वरित सजा मिलती थी। अब तो 40 वर्ष के बाद फैसला होता है, तब तक अभियुक्त ही मर जाता है। उन्होंने कहा कि मेरे हिसाब से कानून में संशोधन होना चाहिए।

    पशुपति पारस ने पीएम मोदी की जमकर की प्रशंसा

    उन्होंने कहा कि एनडीए से हमारी नाराजगी थी, लेकिन राष्ट्रहित में हमने अपनी पार्टी को माइनस में कर एनडीए का समर्थन किया। आजादी के बाद देश को पहला ऐसा प्रधानमंत्री मिला है जो विश्व स्तर पर सर्वमान्य नेता हैं। लोकसभा चुनाव प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के व्यक्तित्व पर लड़ा गया था।

    उन्होंने कहा कि डा. आंबेडकर ने दलितों, पिछड़ी जातियों को आरक्षण देने का काम किया था। हम प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मांग करते हैं कि भारत में आरक्षण की जो सुविधा दी गई है उसे संसद में पास कराकर संविधान के नवीं सूची में डाली जाए।

    पशुपति पारस ने भारत बंद का किया समर्थन

    उन्होंने 21 अगस्त को बहुजन समाज द्वारा आयोजित भारत बंद का समर्थन किया है। उन्होंने पारिवारिक विवादों पर बोलते हुए कहा कि बाहर के लोगों से लड़ना आसान है, परिवार के लोगों से लड़ना बहुत मुश्किल हैं। इस मौके पर दलित सेना के प्रदेश अध्यक्ष घनश्याम कुमार दाहा, दलित सेना जिला अध्यक्ष बालकृष्ण पासवान, पूर्व मुखिया संजय यादव, राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी के जिला अध्यक्ष मु. मासूम, रवि कुमार, राष्ट्रीय प्रवक्ता श्रवण अग्रवाल, डा. रंजीत पासवान आदि मौजूद थे।

    ये भी पढ़ें

    Chirag Paswan: 'इसमें कोई किंतु-परंतु नहीं होना चाहिए', UPSC में लेटरल एंट्री पर भड़के चिराग पासवान

    Bihar Politics: उपेंद्र कुशवाहा ने बदली राज्यसभा के लिए नामांकन की तारीख, बोले- 20 अगस्त को नहीं भरूंगा पर्चा