यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 15, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Bihar News: खगड़िया में CPI (M) नेता की गोली मारकर हत्या, अपराधियों ने बीच सड़क पर की फायरिंग
खगड़िया में सीपीआई माले नेता शंभू सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई। जानकारी के मुताबिक शुक्रवार शाम जब वे बाइक से घर लौट रहे थे। तभी पीछे से बाइक सवा ...और पढ़ें

HighLights
- खगड़िया में सीपीआइ(एम) नेता शंभु सिंह की गोली मारकर हत्या
- दक्षिणी माड़र के रहने वाले थे शंभु सिंह, अमीन के तौर पर करते थे कार्य
जागरण संवाददाता, खगड़िया। बिहार के खगड़िया में मोरकाही थाना क्षेत्र के सबलपुर रोड पर बाइक सवार अपराधियों ने सीपीआई (एम) नेता शंभु सिंह को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना शुक्रवार की है।
शंभु सिंह को आनन-फानन में सदर अस्पताल लाया गया। जहां चिकित्सकों ने आरंभिक उपचार के बाद रेफर कर दिया। उन्हें बेगूसराय ले जाया गया। वहां से भी रेफर कर दिया गया। पटना ले जाने के क्रम में रास्ते में उनकी मौत हो गई।
मृतक के परिजनों ने क्या कहा?
मृतक के स्वजन ने बताया कि शंभू सिंह सोनमनकी रोड पर किसी जमीन की नापी करने गए थे। शुक्रवार की शाम करीब साढ़े छह बजे वे बाइक से घर लौट रहे थे। सबलपुर रोड पर पीछे से बाइक पर सवार दो अपराधियों ने गोली मार दी। गोली कंधे में लगी और सीने में फंस गई।
दक्षिणी माड़र के लोकप्रिय पार्टी नेता थे शंभू
सीपीआइ(एम) के जिला सचिव व खगड़िया लोकसभा क्षेत्र से 2024 में महागठबंधन के उम्मीदवार रहे संजय कुमार ने बताया कि शंभु दक्षिणी माड़र के रहने वाले थे। वे वर्षों से कैंसर से भी पीड़ित थे। वे दक्षिणी माड़र के लोकप्रिय पार्टी नेता थे। उनकी मौत से पार्टी को गंभीर क्षति पहुंची है।
एसपी ने क्या कहा?
एसपी चंदन कुमार कुशवाहा के निर्देश पर खगड़िया टू अलौली एसडीपीओ संजय कुमार माड़र पहुंचकर पड़ताल में जुटे हुए हैं। एसडीपीओ ने बताया कि मामला नापी से जुड़ा हुआ है अथवा अन्य कारण है, स्वजन से जानकारी ली जा रही है। पुलिस हर बिंदु पर जांच कर रही है।