खगड़िया में सनसनी: गोगरी अंचल की अमीन बरखा रानी की संदिग्ध मौत, किराए के मकान में फंदे से झूलती मिली लाश
गोगरी अंचल कार्यालय की अमीन बरखा रानी का शव बुधवार सुबह खगड़िया के गोगरी स्थित उनके किराए के मकान में फंदे से लटका मिला। ...और पढ़ें

बरखा रानी (फाइल फोटो)
HighLights
गोगरी अंचल अमीन बरखा रानी का शव फंदे से मिला।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की, एफएसएल टीम भी आई।
आत्महत्या के कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।
संवाद सूत्र, गोगरी (खगड़िया)। गोगरी अंचल कार्यालय में कार्यरत अमीन बरखा रानी का शव बुधवार की सुबह सिलिंग फेन से लटकता हुआ मिला। बरखा रानी कटिहार जिले के समेली की रहने वाली बताई गई है। वह गोगरी नगर परिषद क्षेत्र के छोटी चक में एक किराए के मकान में रह रही थी। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई। वहां भीड़ जमा हो गई।
सूचना पर गोगरी अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी चंदन कुमार ठाकुर, गोगरी थाना अध्यक्ष अरविंद कुमार दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की छानबीन शुरू कर दी।
सूचना पर एफएसएल टीम भी पहुंची और मौके से आवश्यक नमूने एकत्रित किए। आरंभिक छानबीन के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम में सदर अस्पताल खगड़िया भेज दिया है।
आत्महत्या के कारणों से समाचार लिखे जाने तक पर्दा नहीं उठ सका था। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। स्वजनों से भी बातचीत की है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत की वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा
गोगरी थानाध्यक्ष अरविंद कुमार ने बताया कि जांच-पड़ताल और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत की वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। फिलहाल मामले की जांच जारी है। मृतका की मोबाइल का सीडीआर निकाला जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, बरखा रानी गोगरी अंचल कार्यालय की अमीन थीं। वह सप्ताह में तीन दिन प्रतिनियुक्ति पर गोगरी डीसीएलआर कार्यालय में भी ड्यूटी करती थी। बुधवार को जब वह देर सुबह तक अपने कमरे से नहीं निकली, तो मकान मालकिन ने गेट खटखटाया।
कोई हलचल नहीं होने पर उसने घर की दीवार में बने एक छेद से अंदर झांका। अंदर का दृश्य देख उसने हल्ला मचाया। तुरंत इसकी जानकारी गोगरी पुलिस को दी गई।कमरे का गेट अंदर से बंद था। गेट तोड़कर पुलिस अंदर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी।
खबरें और भी
सूचना पर मृतका की मां रूबी देवी, पिता विभूति भूषण, भाई मयंक कुमार भी गोगरी पहुंच चुके हैं। समाचार लिखे जाने तक स्वजन की ओर से कोई आवेदन गोगरी थाना में नहीं दिया गया था।
मृतका के भाई मयंक कुमार ने बताया कि सूचना मिलने पर गोगरी पहुंचे हैं। बरखा ने फांसी क्यों लगाई इसकी कोई जानकारी नहीं है। जानकारी के अनुसार बरखा रानी की शादी नहीं हुई थी।