एक ही परीक्षा केंद्र से 35 वीक्षक गायब, बिहार पुलिस रेडियो ऑपरेटर परीक्षा में लापरवाही पर खगड़िया DEO ने की सख्ती
खगड़िया में बिहार पुलिस रेडियो ऑपरेटर परीक्षा के दौरान एक केंद्र से 35 वीक्षक गायब पाए गए, जिस पर डीईओ ने सख्त कार्रवाई की है। सभी अनुपस्थित शिक्षकों ...और पढ़ें

परीक्षा देकर बाहर निकलते अभ्यर्थी। फाइल फोटो
HighLights
खगड़िया में बिहार पुलिस रेडियो ऑपरेटर परीक्षा से 35 वीक्षक गायब।
डीईओ ने सभी अनुपस्थित शिक्षकों को कारण बताओ नोटिस जारी किया।
लापरवाही बरतने वाले शिक्षकों का 28 जून का वेतन तत्काल काटा गया।
जागरण संवाददाता, खगड़िया। खगड़िया के गौशाला रोड स्थित रोज बर्ड एकेडमी परीक्षा केंद्र से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। बीते रविवार (28 जून) को आयोजित हुई बिहार पुलिस रेडियो ऑपरेटर परीक्षा के दौरान केंद्र से एक साथ 35 वीक्षक (इन्विजिलेटर) गायब पाए गए। इस बड़ी लापरवाही के सामने आते ही प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है।
सभी गायब शिक्षकों को शो-कॉज नोटिस जारी
केंद्राधीक्षक द्वारा विभाग को भेजी गई रिपोर्ट के आलोक में जिला शिक्षा पदाधिकारी (DEO) अमरेंद्र कुमार गोंड ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने ड्यूटी से नदारद रहे सभी 35 शिक्षकों को कारण बताओ (स्पष्टीकरण) नोटिस जारी किया है। इन सभी से लापरवाही, मनमानेपन और स्वेच्छाचारिता को लेकर तीन दिनों के भीतर जवाब मांगा गया है।
लापरवाही पर तत्काल रुका 28 जून का वेतन
डीईओ ने साफ किया है कि समय पर और संतोषजनक जवाब नहीं मिलने की स्थिति में दोषी शिक्षकों पर कड़ी विभागीय व अनुशासनिक कार्रवाई शुरू की जाएगी। इसके साथ ही, त्वरित कार्रवाई करते हुए लापरवाही बरतने वाले इन सभी शिक्षकों के 28 जून (परीक्षा के दिन) के वेतन में तत्काल प्रभाव से कटौती करने का आदेश जारी कर दिया गया है।
योगदान देने के बाद परीक्षा के दिन हुए रफूचक्कर
केंद्राधीक्षक के अनुसार, इन सभी 35 शिक्षकों ने परीक्षा से एक दिन पहले यानी 27 जून को केंद्र पर पहुंचकर बकायदा अपना योगदान (जॉइनिंग) दे दिया था। परंतु, परीक्षा के मुख्य दिन 28 जून को कोई भी ड्यूटी पर उपस्थित नहीं हुआ। वीक्षकों के अचानक गायब होने के कारण परीक्षा के सफल और शांतिपूर्ण संचालन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।
खबरें और भी
कार्रवाई के दायरे में आए जिले के कई शिक्षक
ड्यूटी से गायब रहने वाले मुख्य शिक्षकों में मध्य विद्यालय झमटा की निहारिका राज व कंचन कुमारी, लाभगांव की अमृता कुमारी, छोटी बलहा के मुकेश कुमार गुप्ता, जेएनकेटी इंटर स्कूल की रितु कुमारी राय, कोठिया की कंचन, बेला सिमरी के निरंजन कुमार, बेलागंज के मु. इमरान, अंबा के प्रवीण कुमार और बुधौरा के वशिष्ट कुमार शामिल हैं।
इन स्कूलों के शिक्षकों पर भी गिरी गाज
इसके अलावा चुकती की रीना कुमारी, इचरुआ की दीपिका राजपूत, कठौरा की वंदना कुमारी, शहरकुंडी के निलेश कुमार, भदास की पूर्णिमा राज, सबलपुर की रेहना नाज व आदर्श कुमार, मथुरापुर की रीना कुमारी, चौथम के राहुल कुमार व नवजोत सिंह, माड़र की सोनी कुमारी और सोनवर्षा घाट की वसुधा भी इस सूची में शामिल हैं।
डीईओ अमरेंद्र कुमार गोंड ने दी कड़ी चेतावनी
साथ ही आशीष आनंद, अनुराग आनंद, सुनीता कुमारी, सोमा मजुमदार, नीतीश कुमार, दुर्गेश कुमार, लता कुमार, प्रिंस राज, मिथुन कुमार, अफीका आदिल फातमा, अंजनी कुमारी, राजा कुमार और प्रिया वर्मा पर भी गाज गिरी है। डीईओ अमरेंद्र कुमार गोंड ने कहा कि संतोषजनक जवाब न मिलने पर आगे और भी सख्त कानूनी प्रक्रिया अपनाई जाएगी।
उक्त परीक्षा केंद्र से वीक्षकों के गायब रहने से परीक्षा संचालन में कठिनाई हुई। केंद्राधीक्षक की रिपोर्ट के आलोक में जवाब- तलब करते हुए तीन दिनों का समय दिया गया है। 28 जून के वेतन की कटौती की गई है। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर सख्त कार्रवाई की प्रकिया अपनाई जाएगी।
अमरेंद्र कुमार गोंड, जिला शिक्षा पदाधिकारी, खगड़िया।