Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    खगड़िया के प्रसिद्ध कात्यायनी मंदिर के पास बनेगा सीढ़ी घाट, अधिकारियों ने लिया जायजा; जल्द भेजा जाएगा प्रस्ताव

    Updated: Sat, 01 Aug 2026 03:31 PM (IST)

    खगड़िया के प्रसिद्ध माइजीथान (बड़ी कात्यायनी मंदिर) के पास बाढ़-बरसात के बाद सीढ़ी घाट का निर्माण किया जाएगा। अधिकारियों ने स्थल का जायजा लिया और बताय ...और पढ़ें

    खगड़िया सदर प्रखंड स्थित उत्तर माड़र पंचायत अवस्थित माइजीथान के पास प्रवाहित हो रही बागमती। फोटो विभाग

    खगड़िया सदर प्रखंड स्थित उत्तर माड़र पंचायत अवस्थित माइजीथान के पास प्रवाहित हो रही बागमती। फोटो विभाग

    HighLights

    1. माइजीथान मंदिर के पास बनेगा नया सीढ़ी घाट।

    2. बाढ़ नियंत्रण अधिकारियों ने स्थल का निरीक्षण किया।

    3. मंदिर को बागमती नदी से कोई खतरा नहीं।

    जागरण संवाददाता, खगड़िया। खगड़िया सदर प्रखंड स्थित उत्तर माड़र पंचायत अवस्थित प्रसिद्ध माइजीथान (बड़ी कात्यायनी मंदिर) के पास बाढ़-बरसात के मौसम बाद सीढ़ी घाट का निर्माण किया जाएगा। मालूम हो कि उत्तर माड़र पंचायत की तीनगछिया गांव के पास यह ऐतिहासिक मंदिर अवस्थित है और फरकिया वासियों की आस्था का केंद्र है।

    बीते वर्ष नवंबर माह में 50 वर्षों के बाद बागमती धारा बदलकर मंदिर के पास से होकर बहने लगी। बागमती की कटाव की जद में मंदिर के आने से अफरातफरी की स्थिति उत्पन्न हो गई।

    आनन-फानन में बाढ़ संघर्षात्मक कार्य करा मंदिर को तत्काल सुरक्षित किया गया। फिर मई 2026 में विभागीय स्पेशल आर्डर के बाद यहां तीन सौ मीटर की लंबाई में बाढ़ पूर्व कटाव रोधी कार्य कराकर मंदिर को पूरी तरह से सुरक्षित किया गया।

    शनिवार को बाढ़ नियंत्रण अंचल खगड़िया के अधीक्षण अभियंता रवींद्र सिंह, बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल-दो, खगड़िया के कार्यपालक अभियंता मनीष कुमार ने नाव से बागमती पार कर माइजीथान स्थल का जायजा लिया।

    इस मौके पर विभाग के सहायक अभियंता अरुणेश कुमार, कनीय अभियंता कपिलदेव कुमार आदि भी मौजूद रहे। अधीक्षण अभियंता और कार्यपालक अभियंता ने विभागीय अधिकारियों को माइजीथान स्थल पर ध्यान रखने को कहा।

    दोनों अधिकारियों ने बताया कि पूर्व में कराए गए कार्य पूरी तरह से सुरक्षित है। माइजीथान को कोई खतरा नहीं है। मालूम हो कि बीते दिनों डीएम विक्रम विरकर ने भी यहां का जायजा लिया था।

    इधर बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल-दो, खगड़िया के कार्यपालक अभियंता मनीष कुमार ने बताया कि बाढ़ अवधि की समाप्ति के बाद माइजीथान के पास सीढ़ी घाट के निर्माण का प्रस्ताव विभाग को भेजा जाएगा। सीढ़ी घाट बनने से मंदिर की सुरक्षा को और मजबूती मिलेगी। मंदिर के सुंदरीकरण कार्य में एक अध्याय और जुड़ेगा।