खगड़िया में एक युवक को घर से उठाकर ले गए बदमाश, हाथ बांधकर कोड़ों से पीटा; डायल 112 की टीम ने पहुंचकर बचाई जान
खगड़िया के बेलदौर में कुख्यात बदमाशों ने एक युवक को घर से उठाकर हाथ बांधकर कोड़ों से बेरहमी से पीटा। डायल 112 पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर उसकी जान बच ...और पढ़ें

बेलदौर के चोढ़ली में कुख्यात मु. सन्नो और सहयोगियों ने घर में सो रहे युवक को अगवा कर घर पर बनाया बंधक
HighLights
युवक को घर से उठाकर हाथ बांधकर पीटा गया।
डायल 112 पुलिस टीम ने मौके पर जान बचाई।
मुख्य आरोपी मु. सन्नो का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड।
संवाद सूत्र, बेलदौर (खगड़िया)। खगड़िया जिले के बेलदौर थाना क्षेत्र अंतर्गत चोढ़ली गांव में शनिवार तड़के पांच बजे बेखौफ बदमाशों की दबंगई का खौफनाक मामला सामने आया है। गांव के कुख्यात मु. सन्नो और उसके सहयोगियों ने घर में सो रहे एक युवक को जबरन उठा लिया। बदमाश उसे घसीटते हुए आधा किलोमीटर दूर अपने घर ले गए और हाथ पीछे बांधकर कोड़ों से जमकर पिटाई की।
युवक रहम की भीख मांगता रहा और चीखता-चिल्लाता रहा, लेकिन किसी ने उसकी मदद नहीं की। इसी बीच किसी तरह घटना की सूचना डायल 112 पुलिस टीम को मिली। पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर तत्परता दिखाई, जिससे पीड़ित की जान बच सकी। पुलिस को देखते ही मुख्य आरोपी समेत सभी बदमाश मौके से फरार हो गए।
पत्नी से भी धक्का-मुक्की, एक दिन पहले भी हुई थी मारपीट
पुलिस टीम ने लहूलुहान अवस्था में जख्मी युवक को तुरंत बेलदौर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज के बाद उसे छुट्टी दे दी। पीड़ित युवक की पहचान चोढ़ली गांव निवासी मु. शहबाज के रूप में हुई है।
पीड़ित ने बेलदौर थाने में आवेदन देकर बताया कि जब आरोपी उसे घर से घसीटकर ले जा रहे थे, तब उसकी पत्नी सोफिना खातून ने बचाने का प्रयास किया, लेकिन दबंगों ने उसके साथ भी मारपीट की। पीड़ित के अनुसार, शुक्रवार की देर शाम जब वह बहियार (खेत) से लौट रहा था, तब मुख्य आरोपी के बेटे मु. सोनू ने भी उसके साथ मारपीट की थी।
खबरें और भी
कुख्यात है मुख्य आरोपी, पुलिस खंगाल रही आपराधिक रिकॉर्ड
मु. शहबाज ने थाने में दिए आवेदन में कुख्यात मु. सन्नो समेत आठ लोगों को नामजद आरोपी बनाया है। उसने जान-माल के खतरे की आशंका जताते हुए कड़ी कार्रवाई की गुहार लगाई है। बताया जाता है कि मुख्य आरोपी मु. सन्नो का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है और वह पूर्व में हत्या तथा लूट जैसी गंभीर वारदातों का आरोपी रह चुका है।
बेलदौर थानाध्यक्ष अजीत कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पीड़ित का आवेदन प्राप्त हो गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।