बिहार में बाढ़ का खतरा! कोसी-बागमती के जलस्तर में बढ़ोत्तरी, खतरे के निशान से ऊपर बहाव
खगड़िया में कोसी और बागमती नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं और उनके जलस्तर में लगातार वृद्धि जारी है। बाढ़ नियंत्रण विभाग ने बांधों और तटबंधों प ...और पढ़ें

नाइट पेट्रोलिंग करती हुई टीम। फोटो जागरण
HighLights
कोसी और बागमती नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रहीं।
दोनों नदियों के जलस्तर में लगातार वृद्धि दर्ज की गई।
बांधों और तटबंधों पर निगरानी और चौकसी बढ़ाई गई।
जागरण संवाददाता, खगड़िया। कोसी और बागमती एक बार फिर उफान पर है। दोनों नदियों के जलस्तर में वृद्धि जारी है। दोनों नदियों की ट्रेंड बढ़ने की है।
कोसी खतरे के निशान से 39 सेंटीमीटर ऊपर
बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल-दो, खगड़िया की ओर से जारी रिपोर्ट के अनुसार सोमवार की संध्या छह बजे खगड़िया के बलतारा में कोसी का जलस्तर 34.11 मीटर था। जो बढ़कर मंगलवार की सुबह छह बजे 34.24 मीटर हो गया।
बीते 12 घंटे में कोसी के जलस्तर में 13 सेंटीमीटर की वृद्धि हुई। कोसी लगभग एक सेंटीमीटर प्रतिघंटे के हिसाब से बढ़ रही है। बलतारा में खतरे के निशान (33.85 मीटर) से 39 सेंटीमीटर ऊपर है।
बागमती दो सेंटीमीटर प्रतिघंटे के हिसाब से बढ़ रही है
बागमती का भी बढ़ना जारी है। खगड़िया के संतोष जलद्वार के पास सोमवार की सुबह छह बजे बागमती का जलस्तर 36.6 मीटर दर्ज किया गया। मंगलवार की सुबह छह बजे यहां बागमती का जलस्तर 36.28 मीटर रहा।
बागमती के जलस्तर में 12 घंटे के दौरान 22 सेंटीमीटर की वृद्धि हुई है। करीब दो सेंटीमीटर प्रतिघंटे के हिसाब से यह नदी बढ़ रही है। बागमती खतरे के निशान (35.63 मीटर) से 65 सेंटीमीटर ऊपर है।
बांध-तटबंधाें की चौकसी बढ़ाई गई
नदियों के जलस्तर में वृद्धि को देखते हुए चौकसी बढ़ा दी गई है। बांध-तटबंधों की सदत निगरानी जारी है। सघन रात्रि गश्ती भी की जा रही है। वरीय अधिकारी भी रात्रि में बांध-तटबंधों का मुआयना कर रहे हैं। मालूम हो कि कई स्थलों पर कोसी और बागमती का जलप्रवाह बांध-तटबंधों से सटकर हो रहा है।
कोसी और बागमती के जलस्तर में वृद्धि हुई है। दोनों नदियों के जलस्तर में अभी वृद्धि के संकेत हैं। सभी बांध-तटबंध और आधारभूत संरचनाएं सुरक्षित हैं। दिवा-रात्रि निगरानी जारी है। -मनीष कुमार, कार्यपालक अभियंता, बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल-दो, खगड़िया।