Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    किशनगंज: मदरसों और निजी स्कूलों की होगी जांच, दोहरे नामांकन पर कसेगा शिकंजा

    Updated: Fri, 07 Aug 2026 04:11 PM (IST)

    किशनगंज में मदरसों और निजी विद्यालयों में दोहरे नामांकन की विशेष जांच होगी, ताकि कोई छात्र एक साथ दो जगह नामांकित न हो। जिलाधिकारी ने शिक्षा विभाग की ...और पढ़ें

    मदरसों और निजी स्कूलों की होगी जांच, दोहरे नामांकन पर कसेगा शिकंजा (AI Generated Image)

    मदरसों और निजी स्कूलों की होगी जांच, दोहरे नामांकन पर कसेगा शिकंजा (AI Generated Image)

    HighLights

    1. मदरसों और निजी स्कूलों में दोहरे नामांकन की जांच।

    2. अगस्त 2026 तक छात्रों की अपार आईडी बनेगी।

    3. विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा व मध्याह्न भोजन सुनिश्चित।

    जागरण संवाददाता, किशनगंज। जिले के मदरसों और निजी विद्यालयों में नामांकन की विशेष जांच कराई जाएगी। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी छात्र एक साथ सरकारी विद्यालय और निजी विद्यालय अथवा मदरसे में नामांकित न हो।

    गुरुवार को समाहरणालय में आयोजित शिक्षा विभाग की समीक्षात्मक बैठक में जिला पदाधिकारी नवीन कुमार ने संबंधित अधिकारियों को यह निर्देश दिया।

    डीएम ने कहा कि जिले के सभी विद्यालयों, मदरसों और निजी स्कूलों में जिन छात्र-छात्राओं का आधार बन चुका है, उनका अपार आइडी अगस्त 2026 के भीतर हर हाल में तैयार कराया जाए। इसके साथ ही सभी मदरसों और निजी विद्यालयों की जांच कर दोहरी नामांकन की स्थिति की पड़ताल करने को कहा गया।

    बैठक में विद्यालय भवनों से जुड़े निर्माण कार्यों की भी समीक्षा की गई। डीएम ने बीएसईआईडीसी एवं एलएईओ के अधिकारियों को अंतिम चरण में पहुंचे सभी असैनिक कार्य अगस्त माह तक पूरा कराने का निर्देश दिया।

    उन्होंने कहा कि जो एजेंसियां कार्य में लापरवाही बरत रही हैं, उन्हें समय-सीमा निर्धारित कर काम पूरा कराया जाए। इसके बाद भी प्रगति नहीं होने पर संबंधित एजेंसियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई के लिए विभाग को प्रतिवेदन भेजा जाए।

    जिला पदाधिकारी ने सभी सरस्वती विद्या निकेतन और पीएम श्री विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण पठन-पाठन एवं विद्यार्थियों के मूल्यांकन की नियमित मानिटरिंग करने का निर्देश भी दिया। साथ ही अधिकृत एजेंसी से विद्यालयों की साफ-सफाई सुनिश्चित कराने तथा लापरवाही की स्थिति में भुगतान से राशि कटौती करने को कहा।

    उन्होंने सभी विद्यालयों और मदरसों में बच्चों को गुणवत्तापूर्ण मध्याह्न भोजन उपलब्ध कराने तथा इसकी सतत निगरानी सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया। बैठक में जिला शिक्षा पदाधिकारी, सभी जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी, बीएसईआईडीसी एवं एलएईओ के अभियंता सहित शिक्षा विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित थे।