Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    किशनगंज में बालू माफिया का दुस्साहस! अवैध बालू लदा ट्रैक्टर छुड़ाने के लिए पुलिस पर हमला, मोबाइल छीना और हुए फरार

    Updated: Thu, 25 Jun 2026 06:20 PM (GMT+05:30)

    किशनगंज के पोठिया में पुलिस ने अवैध बालू लदे ट्रैक्टर को रोकने की कोशिश की, जिस पर ग्रामीणों और माफियाओं ने हमला कर दिया। उन्होंने पुलिसकर्मी का मोबाइ ...और पढ़ें

    किशनगंज में बालू माफिया का तांडव, वीडियोग्राफी कर रहे पुलिसकर्मी का मोबाइल छीना, जबरन छुड़ा ले गए ट्रैक्टर

     किशनगंज में बालू माफिया का तांडव, वीडियोग्राफी कर रहे पुलिसकर्मी का मोबाइल छीना, जबरन छुड़ा ले गए ट्रैक्टर

    HighLights

    1. पुलिस ने अवैध बालू लदा ट्रैक्टर रोकने का प्रयास किया।

    2. ग्रामीणों और माफियाओं ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया।

    3. पुलिसकर्मी का मोबाइल छीनकर ट्रैक्टर लेकर फरार हुए।

    संवाद सूत्र, पोठिया (किशनगंज)। बिहार के किशनगंज जिले से खाकी पर हमले की एक बड़ी और दुस्साहसिक वारदात सामने आई है। पोठिया थाना क्षेत्र के दलुवाहाट नेपाली चौक (वीरपुर कॉलोनी) के पास अवैध बालू का परिवहन कर रहे एक ट्रैक्टर को जब पुलिस ने रोकने की कोशिश की, तो ग्रामीणों और माफियाओं ने पुलिस टीम के साथ न सिर्फ बदसलूकी और मारपीट की, बल्कि सरकारी काम में बाधा डालते हुए जबरन जब्त ट्रैक्टर लेकर फरार हो गए।

    गश्ती के दौरान पुलिस ने दबोचा था बालू लदा ट्रैक्टर

    यह पूरी घटना गुरुवार सुबह की है। चिचुआबाड़ी ओपी पिकेट प्रभारी ब्रज किशोर बैजू अपनी टीम के साथ रूटीन गश्ती के क्रम में दलुवाहाट की ओर जा रहे थे। इसी दौरान वीरपुर कॉलोनी के पास उन्हें सामने से एक बालू लदा ट्रैक्टर आता दिखाई दिया। पुलिस को देखकर ट्रैक्टर का चालक गाड़ी छोड़कर तुरंत मौके से भाग निकला। पिकेट प्रभारी ने इसकी सूचना तुरंत खनन विभाग को दी और जब्त वाहन को चिचुआबाड़ी पिकेट पर लाने की प्रक्रिया शुरू की।

    वीडियोग्राफी कर रहे पुलिसकर्मी का छीना मोबाइल, ट्रैक्टर लेकर भागे ग्रामीण

    इसी बीच, गांव के कुछ असामाजिक तत्व और बालू माफिया मौके पर जुट गए और जबरन ट्रैक्टर को छुड़ाने का प्रयास करने लगे। देखते ही देखते ग्रामीणों की पुलिसकर्मियों के साथ तीखी बहस और भिड़ंत शुरू हो गई।

    मामला बिगड़ता देख पुलिस गाड़ी के चालक ने साक्ष्य के तौर पर घटना की वीडियोग्राफी करनी शुरू कर दी। इसी बात पर भड़ककर एक ग्रामीण ने पुलिसकर्मी का मोबाइल छीन लिया, जबकि दूसरे गुर्गे ने मौके का फायदा उठाकर बालू लदा ट्रैक्टर स्टार्ट किया और लेकर रफूचक्कर हो गया।

    खबरें और भी

    माफिया के दुस्साहस पर एक नजर

    वारदात का विवरण वर्तमान स्थिति व आंकड़े
    घटनास्थल दलुवाहाट नेपाली चौक (वीरपुर कॉलोनी), पोठिया
    मुख्य आरोपी 2 नामजद और 15 अज्ञात के खिलाफ FIR दर्ज
    पुलिस की कार्रवाई छीना गया मोबाइल बरामद, आरोपियों की तलाश जारी
    खनन का मुख्य केंद्र चमरानी घाट, महानंदा नदी

    भारी पुलिस बल के साथ पहुंचे SDPO

    खाकी पर हमले की खबर मिलते ही प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही एसडीपीओ-2 (SDPO-2) मनोज कुमार सिंह, ठाकुरगंज इंस्पेक्टर पंकज कुमार पंत, ठाकुरगंज थानाध्यक्ष अंजय अमन, पोठिया थानाध्यक्ष संजय कुमार पांडे और पहाड़कट्टा थानाध्यक्ष फुलेंद्र कुमार भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।

    पुलिस ने तत्काल मुख्य आरोपियों के घरों पर छापेमारी की, जहां से पुलिसकर्मी से छीना गया मोबाइल तो बरामद कर लिया गया, लेकिन मुख्य आरोपी गाड़ी सहित फरार होने में कामयाब रहे।

    महानंदा नदी का चमरानी घाट बना है अवैध खनन का सेफ जोन

    मामले को लेकर चिचुआबाड़ी ओपी प्रभारी ब्रज किशोर बैजू के बयान पर पोठिया थाने में 2 नामजद और 15 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली गई है। स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, दलुवाहाट का वीरपुर और मटियाभिट्टा इलाका लंबे समय से अवैध बालू परिवहन का मुख्य केंद्र बना हुआ है।

    चमरानी घाट पर महानंदा नदी से धड़ल्ले से बालू का अवैध खनन कर बेचने का गोरखधंधा जारी है। इससे पहले भी मटियाभिट्टा गांव में पुलिस और खनन विभाग की टीम के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट कर गाड़ी छुड़ाने की वारदात हो चुकी है।