40 लाख रुपये की हेरोइन के साथ 2 तस्कर गिरफ्तार, मालदा-किशनगंज सिंडिकेट का पर्दाफाश
किशनगंज पुलिस ने 200 ग्राम हेरोइन के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 40 लाख रुपये है। इस कार्रवाई से मालदा-किशन ...और पढ़ें

40 लाख रुपये की हेरोइन के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, मालदा-किशनगंज सिंडिकेट का पर्दाफाश
HighLights
किशनगंज में 200 ग्राम हेरोइन के साथ दो तस्कर गिरफ्तार।
बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 40 लाख रुपये।
मालदा-किशनगंज के बीच सक्रिय तस्करी सिंडिकेट का पर्दाफाश।
जागरण संवाददाता, किशनगंज। किशनगंज पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 200 ग्राम हेरोइन के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 40 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस का दावा है कि इस कार्रवाई से मालदा (पश्चिम बंगाल) से किशनगंज तक सक्रिय एक तस्करी सिंडिकेट का पर्दाफाश हुआ है।
पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार को दो अगस्त को गुप्त सूचना मिली थी कि मालदा से हेरोइन की बड़ी खेप किशनगंज लाई जा रही है।
सूचना के सत्यापन के बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-2 मनोज कुमार के नेतृत्व में डीआईयू, एएनटीएफ, किशनगंज थाना और विशेष कार्य बल की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने किशनगंज बस स्टैंड के समीप विशेष वाहन जांच अभियान चलाया।
जांच के दौरान रात करीब 10:30 बजे मालदा की ओर से आई एक बस से उतरे दो युवकों की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। पुलिस को देखकर दोनों भागने लगे, लेकिन घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया गया। मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में तलाशी लेने पर उनके पास से 200 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान बहादुरगंज थाना क्षेत्र के अफसाना रोड वार्ड संख्या-8 निवासी मुन्ना उर्फ मो. जमीर (23) तथा रहमतनगर निवासी सोहेब आलम (24) के रूप में हुई है। उनके पास से एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया।
पूछताछ में दोनों ने पुलिस को बताया कि वे सिंडिकेट बनाकर हेरोइन की खरीद-बिक्री करते थे। पुलिस अब जब्त मोबाइल के तकनीकी विश्लेषण के आधार पर मालदा और बहादुरगंज से जुड़े अन्य तस्करों की तलाश में छापेमारी कर रही है।
साथ ही सिंडिकेट के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक तथा अपराध से अर्जित संपत्ति का भी पता लगाया जा रहा है, ताकि नियमानुसार जब्ती की कार्रवाई की जा सके।
इस संबंध में किशनगंज थाना में कांड संख्या 868/26 दर्ज कर एनडीपीएस एक्ट की धारा 8(सी)/21(बी) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने कहा है कि नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।