Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    रूस में छात्र, बिहार में FIR: NEET प्रोटेस्ट में फंसे युवक ने जारी किया वीडियो, बोला- मैं भारत में नहीं हूं

    Updated: Wed, 29 Jul 2026 07:15 PM (IST)

    नीट पेपर लीक विरोध प्रदर्शन के बाद बहादुरगंज में दर्ज एफआईआर में नया मोड़ आया है। रूस में रह रहे कोनन राही ने वीडियो जारी कर अपने खिलाफ दर्ज मामले की ...और पढ़ें

    संवाद सूत्र, बहादुरगंज (किशनगंज)। नीट पेपर लीक मामले को लेकर बहादुरगंज में हुए विरोध प्रदर्शन के बाद दर्ज प्राथमिकी में नया मोड़ आ गया है।

    जिले के सतमेरी कुलभिटा पंचायत निवासी कोनन राही ने रूस से वीडियो जारी कर अपने खिलाफ दर्ज एफआईआर पर सवाल उठाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।

    वीडियो संदेश में कोनन राही ने दावा किया कि विरोध प्रदर्शन के दौरान वह भारत में नहीं, बल्कि रूस में था। इसके बावजूद उसे बहादुरगंज थाना में दर्ज मामले में नामजद आरोपित बनाया गया है।

    उसने कहा कि प्रदर्शन में उसकी कोई भूमिका नहीं थी और घटना के समय वह विदेश में मौजूद था। युवक ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा यात्रा संबंधी दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर एफआईआर की समीक्षा करने की मांग की है। उसका कहना है कि निष्पक्ष जांच होने पर उसकी बेगुनाही सामने आ जाएगी।

    क्या बोले पुलिस अधिकारी?

    एसडीपीओ खुसरु सिराज ने बताया कि प्रदर्शन से जुड़े वायरल वीडियो, अंचल अधिकारी द्वारा उपलब्ध कराए गए नाम, स्थानीय लोगों तथा चौकीदार से मिले इनपुट के आधार पर आरोपितों को नामजद किया गया है।

    उन्होंने कहा कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। यदि जांच के दौरान नए तथ्य सामने आते हैं तो विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। वहीं, रूस से जारी वीडियो सामने आने के बाद मामला एक बार फिर चर्चा में है।