बिहार: लखीसराय के मंदिर में करंट की अफवाह से भगदड़; 7 महिलाओं की मौत, 24 श्रद्धालु घायल
Bihar Temple Stampede: लखीसराय के प्रसिद्ध अशोकधाम मंदिर के बाहरी परिसर में सावन की तीसरी सोमवारी को भगदड़ मच गई, जिसमें 7 श्रद्धालुओं की मौत हो गई। बिजली का पोल गिरने से करंट फैलने की अफवाह के बाद अफरातफरी मच गई और लोग एक-दूसरे के नीचे दब गए।
HighLights
अशोकधाम मंदिर में सावन की तीसरी सोमवारी को भगदड़।
करंट फैलने की अफवाह से मची अफरातफरी, कई श्रद्धालु दबे।
हादसे में पांच से अधिक श्रद्धालुओं की दुखद मौत।
जागरण संवाददाता, लखीसराय। Lakhisarai Temple Stampede: सावन की तीसरी सोमवारी की सुबह इंद्रदमनेश्वर महादेव मंदिर अशोकधाम में आस्था का सैलाब अचानक मातम में बदल गया।
मंदिर के दक्षिणी द्वार से अशोकधाम स्टेशन मार्ग के बीच भीड़ बेकाबू होने के बाद मची भगदड़ में सात महिला श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 24 श्रद्धालु घायल हो गए।
Ashokdham Temple Stampede घायलों में 19 का इलाज सदर अस्पताल और पांच का शहर के निजी अस्पतालों में चल रहा है। मृतकों में लखीसराय, मुंगेर और पटना जिले की महिलाएं शामिल हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सोमवार की सुबह मंदिर गेट से लेकर दृष्टिकिरण के आसपास तक श्रद्धालुओं की भारी भीड़ थी। इसी बीच सुबह 5:42 बजे अशोकधाम स्टेशन पर मोकामा-बैद्यनाथधाम मेला स्पेशल ट्रेन रुकी।
ट्रेन से सैकड़ों श्रद्धालु उतरकर बोलबम का जयघोष करते हुए मंदिर की ओर बढ़ने लगे। पहले से मौजूद भीड़ के साथ इनके जुड़ने से मार्ग पर दबाव काफी बढ़ गया।
#WATCH बिहार: लखीसराय के अशोकधाम में भगदड़ जैसी घटना में सात लोगों की मौत हो गई। कई लोगों के घायल होने की खबर है। pic.twitter.com/YUkfA0bs19
— ANI_HindiNews (@AHindinews) August 17, 2026
करंट फैलने की अफवाह
इसी दौरान दृष्टिकिरण के आसपास लगा एक जर्जर विद्युत पोल भीड़ के दबाव में गिर गया। पोल से जुड़े केबल तार से चिंगारी निकलने लगी। चिंगारी देखकर वहां मौजूद श्रद्धालुओं में करंट फैलने की अफवाह फैल गई।
-1786936693434.webp)
इसके बाद अचानक लोग सुरक्षित स्थान की ओर भागने लगे और देखते ही देखते भगदड़ मच गई। भगदड़ में महिलाएं भीड़ के नीचे दब गईं। एक-एक कर सात महिला श्रद्धालुओं की मौत हो गई।

राहत-बचाव के लिए एक्टिव हुआ प्रशासन
घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। घायलों को एंबुलेंस एवं अन्य वाहनों से सदर अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों की टीम को अलर्ट कर घायलों का इलाज शुरू कराया गया।
घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार प्रशासनिक टीम के साथ पहले घटनास्थल और फिर सदर अस्पताल पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों से घटना की जानकारी ली तथा घायलों के इलाज की स्थिति का जायजा लिया।
मुंगेर के प्रमंडलीय आयुक्त प्रेम सिंह मीणा और डीआइजी राकेश कुमार ने भी घटनास्थल एवं सदर अस्पताल पहुंचकर पूरी जानकारी ली। विधायक रामानंद मंडल ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति की जानकारी ली।
उधर, भगदड़ के दौरान घटनास्थल पर लगी कमजोर बैरिकेडिंग भीड़ के दबाव में टूटकर क्षतिग्रस्त हो गई। इस दौरान वहां तैनात एसएसबी के दो जवान बाल-बाल बच गए। घटना के बाद मंदिर के अंदर और बाहर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है तथा भीड़ को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त बल की तैनाती की गई है।
मृतकों की सूची
1. मनमाला देवी (44), पति निरंजन कुमार, बड़हिया वार्ड 12, लखीसराय
2. रिंकू देवी (50), पति नीरज यादव, बऊटोला फरदा, मुंगेर
3. हेमलता देवी (55), पति सुरेंद्र यादव, प्रतापपुर, हलसी, लखीसराय
4. ललिता देवी (50), पति गोरेलाल यादव, प्रतापपुर, हलसी, लखीसराय
5. सविता कुमारी (35), पति रणवीर यादव, प्रतापपुर, हलसी, लखीसराय
6. सरोज देवी (65), पति जनार्दन सिंह, बकांवा भदौर, पटना
7. सावित्री देवी (49), पति मोहन यादव, चननिया, लखीसराय
सीएम सम्राट चौधरी ने किया मुआवजे का एलान
लखीसराय के अशोकधाम की घटना पर सीएम सम्राट चौधरी ने दुख जताया है और मृतकों के लिए 4-4 लाख रुपये के मुआवजे का एलान किया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि यह घटना अत्यंत दुःखद एवं हृदयविदारक है।
उन्होंने कहा कि हादसे में श्रद्धालुओं की मृत्यु की खबर से मन व्यथित है। शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदनाएं हैं। CM ने बताया कि घायलों के समुचित एवं त्वरित इलाज के लिए प्रशासन को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।
प्राचीनकाल से अशोकधाम मंदिर की महत्ता
अशोकधाम मंदिर श्री इन्द्रदमनेश्वर महादेव मंदिर के नाम से विख्यात है। यहां पालकलीन विशाल शिवलिंग है, जो जमीन की खोदाई से प्राप्त हुआ है। सावन की तीसरी सोमवारी को लेकर काफी भीड़ उमड़ पड़ी।

