विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

लखीसराय : अशोकधाम भगदड़ पर पुलिस मुख्यालय सख्त; DM-SP को सुरक्षा व ट्रैफिक पर दिए कड़े निर्देश, स्पेशल ब्रांच का पत्र

Published: Mon, 17 Aug 2026 12:00 PM (IST)

Lakhisarai Ashokdham Temple Stampede लखीसराय के अशोकधाम मंदिर में सावन सोमवार को हुई भगदड़ में सात महिला श्रद्धालुओं की मौत ...और पढ़ें

HighLights

  1. अशोकधाम भगदड़ में सात महिला श्रद्धालुओं की दुखद मौत।

  2. पुलिस मुख्यालय ने सुरक्षा व यातायात पर दिए कड़े निर्देश।

  3. डीएम-एसपी को भीड़ नियंत्रण और सतर्कता बढ़ाने को कहा।

जागरण संवाददाता, लखीसराय। लखीसराय स्थित प्रसिद्ध श्री इंद्रदमनेश्वर महादेव मंदिर (अशोकधाम) में सावन के सोमवार को मची भगदड़ और सात महिला श्रद्धालुओं की मौत की दुखद घटना को बिहार पुलिस मुख्यालय ने अत्यंत गंभीरता से लिया है। हादसे के तुरंत बाद पुलिस मुख्यालय की विशेष शाखा (स्पेशल ब्रांच) के पुलिस अधीक्षक (जी) ने लखीसराय के जिलाधिकारी (DM) और पुलिस अधीक्षक (SP) को एक आपात पत्र जारी कर प्रशासनिक सतर्कता, सुरक्षा के कड़े इंतजाम और चाक-चौबंद यातायात प्रबंधन सुनिश्चित करने का कड़ा निर्देश दिया है।

पत्र की प्रति मुंगेर प्रमंडल के आयुक्त और पुलिस उप-महानिरीक्षक (DIG) के साथ-साथ पुलिस महानिदेशक (DGP) और अपर पुलिस महानिदेशक (विधि-व्यवस्था) को भी आवश्यक कार्रवाई व सूचना के लिए भेजी गई है।

धार्मिक आस्था से जुड़ा मामला, विधि-व्यवस्था बिगड़ने की आशंका

पुलिस मुख्यालय द्वारा जारी आधिकारिक पत्र में स्पष्ट रूप से उल्लेख किया गया है कि अशोकधाम मंदिर परिसर में श्रावण मास के सोमवार को अप्रत्याशित भीड़ के कारण भगदड़ मचने से सात श्रद्धालुओं की मृत्यु होने की पुष्टि हुई है।

मुख्यालय ने आगाह करते हुए कहा है कि यह संवेदनशील मामला जन-आस्था और धार्मिक भावनाओं से सीधे तौर पर जुड़ा हुआ है, लिहाजा इस घटना के बाद स्थानीय स्तर पर कानून एवं विधि-व्यवस्था (Law and Order) की गंभीर समस्या उत्पन्न होने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।

Bihar Police Directives After Lakhisarai Ashokdham Stampede (1)

अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती और भीड़ नियंत्रण पर जोर

विशेष शाखा ने स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए अशोकधाम मंदिर और आसपास के पूरे इलाके में प्रशासनिक सतर्कता का स्तर बढ़ाने का निर्देश दिया है। मुख्यालय ने निर्देशित किया है कि:

  • मंदिर के सभी प्रवेश व निकास द्वारों पर पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारियों एवं अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाए।

  • मुख्य मंदिर मार्ग, स्टेशन रोड और बाईपास मार्गों पर सख्त यातायात प्रबंधन (Traffic Management) लागू किया जाए ताकि जाम न लगे।

  • मंदिर ट्रस्ट और स्थानीय प्रशासन आपसी समन्वय बनाकर भीड़ नियंत्रण (Crowd Management) के वैज्ञानिक उपाय लागू करें।

  • सीसीटीवी कैमरों और वॉच टावरों के माध्यम से 24 घंटे लगातार संवेदनशील स्थानों की निगरानी की जाए।

आला अधिकारियों को एक्शन टेकन रिपोर्ट भेजने के निर्देश

पुलिस मुख्यालय ने लखीसराय जिला प्रशासन और पुलिस को पूरे मामले में त्वरित एवं यथोचित कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन को स्पष्ट तौर पर कहा गया है कि सावन के आगामी दिनों और विशेष तिथियों पर ऐसी किसी भी अनहोनी की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए त्रिस्तरीय सुरक्षा घेरा और मेडिकल इमरजेंसी का पुख्ता प्लान तत्काल धरातल पर उतारा जाए।

यह भी पढ़ें- प्रतापपुर से एक साथ निकली थीं हेमलता, ललिता व सविता; लखीसराय के अशोकधाम मंद‍िर में प्रवेश से पहले भगदड़ ने छीनी सांसें

यह भी पढ़ें- लखीसराय में भगदड़ से दहली इंद्रदमेश्वर महादेव की तपोभूमि, चरवाहे के खेल से अशोकधाम बनने की पूरी कहानी