6 साल बाद रोशन होगा लखीसराय शहर; नगर परिषद के सभी 33 वार्डों में 2.15 करोड़ से लगेंगी 4,300 स्ट्रीट लाइट
लखीसराय नगर परिषद ने छह साल बाद शहर के सभी 33 वार्डों में 4,300 नई स्ट्रीट लाइट लगाने का अभियान शुरू किया है। इस 2.15 करोड़ रुपये की परियोजना से शहर क ...और पढ़ें

पहले चरण में 5 वार्डों में लगीं 500 लाइटें; दूसरे चरण के 10 वार्डों में 1,000 हैवेल्स LED लाइटें लगाने का काम शुरू
संवाद सहयोगी, लखीसराय। नगर परिषद लखीसराय ने वर्षों से खराब पड़ी एलईडी और तिरंगा लाइटों की जगह पूरे शहर में नई स्ट्रीट लाइट लगाने का वृहद अभियान शुरू कर दिया है। करीब छह वर्ष के लंबे इंतजार के बाद शुरू हुई इस योजना के तहत नगर परिषद क्षेत्र के सभी 33 वार्डों में चरणबद्ध तरीके से लगभग 4,300 स्ट्रीट लाइट लगाई जाएंगी। इससे शहर के प्रमुख मोहल्लों और मुख्य सड़कों पर वर्षों से पसरा अंधेरा दूर होगा।
नगर परिषद ने इस कार्य के लिए नई एजेंसी का चयन कर काम तेजी से शुरू करा दिया है।
2019 में 1 करोड़ रुपये डकार कर भाग गई थी कोलकाता की एजेंसी
गौरतलब है कि वर्ष 2019 में कोलकाता की एक एजेंसी ने शहर में एलईडी लाइट लगाने का कार्य शुरू किया था, जिस पर एक करोड़ रुपये से अधिक खर्च हुए थे। हालांकि, कंपनी अधूरा काम छोड़कर भाग गई, जिसके बाद नगर परिषद ने उसे ब्लैकलिस्ट कर दिया था।
इसके कारण शहर के अधिकांश वार्डों में लगी पुरानी लाइटें बंद पड़ी थीं और कई मोहल्लों में खंभों पर लाइट तक नहीं थी।
70 वाट की हैवेल्स LED लाइट से चमकेगा लखीसराय
इस बार नगर परिषद गुणवत्ता का ध्यान रखते हुए 70 वाट क्षमता की हैवेल्स (Havells) कंपनी की हाई-टेक स्ट्रीट लाइट लगवा रही है। एक लाइट की कीमत करीब 5,000 रुपये बताई जा रही है।
प्रथम चरण: वार्ड संख्या 1 से 5 तक लगभग 500 स्ट्रीट लाइट सफलतापूर्वक लगाई जा चुकी हैं।
द्वितीय चरण: वार्ड 6, 7, 8, 9, 13, 16, 19, 30 और 33 में करीब 1,000 लाइटें लगाने का काम शुरू हो गया है।
प्रभावित क्षेत्र: चितरंजन रोड, कबैया रोड, पचना रोड, किऊल बस्ती, हनुमाननगर, मकुना, बाइपास रोड, शिवपुरी और नया टोला जैसे अंधेरे में डूबे इलाकों में जल्द रोशनी उपलब्ध कराई जाएगी।
सभापति ने दिया भरोसा, जल्द जगमगाएगा पूरा शहर
पुरानी बाजार क्षेत्र सहित अन्य मोहल्लों में काम की रफ्तार तेज कर दी गई है।
"नगर के सभी 33 वार्डों में करीब 4,300 स्ट्रीट लाइट लगाई जानी हैं। पहले चरण में 5 वार्डों में 500 लाइटें लग चुकी हैं, जबकि दूसरे चरण में 10 वार्डों में 1,000 लाइटें लगाने का कार्य शुरू है। शेष वार्डों में भी जल्द काम पूरा कर पूरे शहर को बेहतर प्रकाश व्यवस्था दी जाएगी।"
— अरविंद पासवान, सभापति, नगर परिषद, लखीसराय