लखीसराय में ANM की जगह पति कर रहा था इलाज, खबर छपने के बाद एक्शन में स्वास्थ्य विभाग
लखीसराय के सूर्यगढ़ा में एएनएम रूपम रति के पति द्वारा उनकी जगह ड्यूटी करने का मामला सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है। ...और पढ़ें

बिहार के अस्पताल में लापरवाही। सांकेतिक तस्वीर
HighLights
एएनएम की जगह पति द्वारा ड्यूटी करने का मामला उजागर।
स्वास्थ्य विभाग ने 24 घंटे के भीतर स्पष्टीकरण मांगा है।
संतोषजनक जवाब न मिलने पर विभागीय और कानूनी कार्रवाई होगी।
संवाद सूत्र, सूर्यगढ़ा (लखीसराय)। प्रखंड के सहूर गांव स्थित हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर में पदस्थापित एएनएम रूपम रति की जगह उनके पति पंकज कुमार द्वारा ड्यूटी किए जाने का मामला दैनिक जागरण में प्रमुखता से प्रकाशित होने के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है।
फोटो और वीडियो सार्वजनिक होने तथा स्थानीय लोगों की शिकायत के बाद प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. वाईके दिवाकर ने एएनएम से 24 घंटे के भीतर स्पष्टीकरण मांगा है।
प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी ने मामले को प्रथम दृष्टया गंभीर बताते हुए कहा कि किसी बाहरी एवं अप्रशिक्षित व्यक्ति द्वारा मरीजों का इलाज करना और बच्चों का टीकाकरण करना पूरी तरह गलत है।
शिकायत सही पाए जाने पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सूर्यगढ़ा की ओर से जारी स्पष्टीकरण में कहा गया है कि दैनिक जागरण में प्रकाशित खबर एवं फोटो के आधार पर प्रथम दृष्टया मामला सत्य प्रतीत होता है।
पत्र में स्पष्ट कहा गया है कि एएनएम के पति द्वारा ओपीडी में मरीजों को दवा देना एवं बच्चों का टीकाकरण करना आमजन के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ है तथा यह सरकारी कर्मचारी आचरण नियमावली का उल्लंघन है।
सही जवाब न मिलने पर होगी FIR
प्राथमिकी में एएनएम रूपम रति को निर्देश दिया गया है कि मई माह में किए गए सभी कार्यों का प्रतिवेदन लेकर स्वयं उपस्थित होकर जवाब दें। साथ ही चेतावनी दी गई है कि संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर विभागीय कार्रवाई के अलावा उनके पति के खिलाफ कानूनी कार्रवाई एवं एफआइआर भी दर्ज कराई जा सकती है।
स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि एएनएम रूपम रति अक्सर ड्यूटी से अनुपस्थित रहती हैं और उनकी जगह उनके पति पंकज कुमार स्वास्थ्य केंद्र में कार्य करते हैं। इम्यूनाइजेशन के दौरान बच्चों को सूई देने सहित अन्य स्वास्थ्य संबंधी कार्य भी वही करते हैं।
खबरें और भी
वहीं, सिविल सर्जन डा. जयप्रकाश सिंह ने कहा कि मामला उनके संज्ञान में नहीं था, लेकिन एएनएम की जगह उनके पति द्वारा ड्यूटी करना पूरी तरह गलत है। उन्होंने मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने की बात कही।
यह भी पढ़ें- पिता के पैरों में जंजीर बांधकर बागेश्वर धाम ले जा रहे बेटे, दानापुर रेलवे स्टेशन से आई दिल दहलाने वाली तस्वीर
यह भी पढ़ें- बिहार में 6 से 14 साल उम्र के सभी बच्चों का होगा एडमिशन, शिक्षा विभाग 31 मई से चलाएगा विशेष अभियान