लखीसराय बाईपास आरओबी दरार: निर्माण एजेंसी को ब्लैकलिस्ट करने की प्रक्रिया शुरू, सरकार का सख्त एक्शन
लखीसराय बाईपास आरओबी में दरार मिलने के बाद राज्य सरकार ने सख्त रुख अपनाया है। निर्माण एजेंसी को ब्लैकलिस्ट करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और दोषी ...और पढ़ें


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
संवाद सहयोगी, लखीसराय। लखीसराय बाईपास आरओबी (रेल ओवरब्रिज) के स्पैन में दरार मिलने के मामले में राज्य सरकार ने सख्त रुख अपनाया है। पथ निर्माण विभाग के सचिव पंकज कुमार पाल ने मंगलवार को लखीसराय पहुंचकर क्षतिग्रस्त आरओबी का स्थलीय निरीक्षण किया और मामले में निर्माण एजेंसी की जवाबदेही तय करने के स्पष्ट संकेत दिए।
उन्होंने बताया कि संबंधित एजेंसी से स्पष्टीकरण मांगा गया है तथा उसे ब्लैकलिस्ट करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। साथ ही जांच में दोषी पाए जाने वाले अभियंताओं एवं संवेदकों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान सचिव ने आरओबी के क्षतिग्रस्त स्पैन की स्थिति का बारीकी से जायजा लिया। उनके साथ विभाग की तकनीकी टीम मौजूद रही। उन्होंने विभागीय अभियंताओं से पुल निर्माण, संरचनात्मक मजबूती तथा आई तकनीकी खामियों के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
सचिव ने स्पष्ट कहा कि जनता की सुरक्षा से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और पुल में सामने आई कमियों को प्राथमिकता के आधार पर दूर किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि आरओबी का तकनीकी परीक्षण और सेफ्टी ऑडिट आईआईटी पटना द्वारा कराया गया है। ऑडिट रिपोर्ट में जिन तकनीकी खामियों की पहचान की गई है, उनके सुधार की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। आईआईटी पटना की देखरेख में पुल के मरम्मत एवं सुदृढ़ीकरण की विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जा रही है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की समस्या दोबारा उत्पन्न न हो।
निरीक्षण के दौरान सचिव ने आरओबी के नीचे प्रस्तावित वैकल्पिक सड़क का भी जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों के साथ इस सड़क को शीघ्र तैयार कर यातायात के लिए उपयोग में लाने पर चर्चा की।
सचिव ने बताया कि लोगों की सुविधा और आवागमन को सुचारु बनाए रखने के लिए वैकल्पिक सड़क निर्माण कार्य जल्द शुरू किया जाएगा। इसके लिए निविदा प्रक्रिया पूरी कर ली गई है और निर्माण एजेंसी का चयन भी अंतिम चरण में है।
खबरें और भी
गौरतलब है कि पुल के स्पैन में दरार पाए जाने के बाद प्रशासन ने एहतियातन भारी वाहनों के परिचालन पर रोक लगा दी है। पुल की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए दोनों छोर पर हाइट बैरियर भी लगाया गया है, जिसका निरीक्षण सचिव ने स्वयं किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार, पुलिस अधीक्षक प्रेरणा कुमार, अपर समाहर्ता नीरज कुमार, उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी प्रभाकर कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी शिवम कुमार तथा आरसीडी के वरीय अभियंता मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें- लखीसराय में लगेगा AI ट्रैफिक कैमरा, बिना हेलमेट-सीट बेल्ट पर कटेगा ऑनलाइन चालान