लखीसराय में टला बड़ा रेल हादसा: ट्रैक्टर-ट्राली से टकराई जनसेवा एक्सप्रेस, इंजन की हेडलाइट और कांच टूटा
लखीसराय के रामपुर हाल्ट पर किऊल-जमालपुर रेलखंड पर एक लकड़ी लदी ट्रैक्टर-ट्राली रेलवे क्रॉसिंग पर फंस गई, जिससे जनसेवा एक्सप्रेस की टक्कर होते-होते बची ...और पढ़ें
HighLights
जनसेवा एक्सप्रेस की ट्रैक्टर-ट्राली से टक्कर होते-होते बची।
टक्कर से इंजन का शीशा, हेडलाइट क्षतिग्रस्त, यात्री सुरक्षित।
रेलवे क्रॉसिंग पर गड्ढों और गेटमैन की लापरवाही उजागर।
जागरण संवाददाता, लखीसराय। किऊल-जमालपुर रेलखंड पर रामपुर हाल्ट के समीप शनिवार को रेलवे क्रासिंग पर एक लकड़ी लदी ट्रैक्टर-ट्राली फंस जाने से बड़ा रेल हादसा होते-होते टल गया। अप भागलपुर-मुजफ्फरपुर जनसेवा एक्सप्रेस के चालक ने सामने ट्रैक पर फंसी ट्राली को देखकर तत्काल इमरजेंसी ब्रेक लगाया।
इसके बावजूद ट्रेन पूरी तरह रुकने से पहले ट्रैक्टर-ट्राली से टकरा गई। टक्कर की तीव्रता कम होने के कारण कोई यात्री हताहत नहीं हुआ, लेकिन इंजन का अगला शीशा, हेडलाइट सहित अन्य हिस्से क्षतिग्रस्त हो गए।
ट्रैक्टर चालक फरार
घटना के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। टक्कर के बाद जनसेवा एक्सप्रेस करीब 45 मिनट तक रामपुर रेलवे गुमटी के पास खड़ी रही। रेलवे कर्मियों ने ट्रैक से ट्रैक्टर-ट्राली हटाने के बाद परिचालन सामान्य कराया। घटना के दौरान ट्रेन में सवार सभी यात्री सुरक्षित रहे।

घटना में रेलवे गेटमैन की लापरवाही भी सामने आई है। बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर-ट्राली के रेलवे ट्रैक पर फंसने के बाद भी उसने नजदीकी स्टेशन मास्टर या कंट्रोल को इसकी सूचना नहीं दी। यदि समय पर सूचना दी जाती तो ट्रेन को पहले ही रोका जा सकता था और इंजन को नुकसान से बचाया जा सकता था।
रेलवे क्रॉसिंग की मरम्मत न होने से परेशानी
रामपुर रेलवे क्रासिंग मुंगेर-लखीसराय एनएच-80 से दर्जनों गांवों को जोड़ने वाली ग्रामीण सड़क पर स्थित है। इस मार्ग से बालू और लकड़ी लदे ट्रैक्टरों की लगातार आवाजाही होती है। क्रासिंग पर बने बड़े-बड़े गड्ढों में भारी वाहनों के पहिए अक्सर फंस जाते हैं।
खबरें और भी

स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार शिकायत के बावजूद रेलवे क्रासिंग की मरम्मत नहीं कराई गई। ट्रेन के चालक ने बताया कि अचानक उनकी नजर क्रासिंग पर खड़ी ट्राली पर पड़ी तो इमरजेंसी ब्रेक ली बावजूद ट्राली से टक्कर हो गई।