Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    अब बिहार में सिम खरीदने से पहले जान लें ये नया नियम, वरना हो सकती है कार्रवाई

    Updated: Sat, 18 Jul 2026 07:05 PM (IST)

    पटना जिला प्रशासन ने साइबर अपराध, डिजिटल अरेस्ट और बैंक धोखाधड़ी पर प्रभावी रोक लगाने के लिए कड़े कदम उठाए हैं। जिलाधिकारी कुंदन कुमार ने सिम विक्रेता ...और पढ़ें

    सिम बेचने वालों पर रहेगी प्रशासन की पैनी नजर

    सिम बेचने वालों पर रहेगी प्रशासन की पैनी नजर

    HighLights

    1. सिम कार्ड विक्रेताओं पर प्रशासन की पैनी निगरानी रहेगी।

    2. सभी थानों में साइबर हेल्पडेस्क स्थापित किए जाएंगे।

    3. स्कूल-कॉलेजों में साइबर सुरक्षा जागरूकता अभियान चलेगा।

    जागरण संवाददाता, पटना। साइबर क्राइम, डिजिटल अरेस्ट और बैंक फ्रॉड जैसे मामलों पर प्रभावी रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त कदम उठाने का फैसला किया है। शनिवार को समाहरणालय में जिलाधिकारी कुंदन कुमार ने पुलिस विभाग और आईटी सेल के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।

    बैठक में आधुनिक तकनीक के जरिए साइबर अपराधियों की पहचान कर उनके खिलाफ त्वरित और कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

    सिम बेचने वालों पर रहेगी प्रशासन की पैनी नजर

    जिलाधिकारी ने सभी थानाध्यक्षों को अपने-अपने क्षेत्र में सिम कार्ड विक्रेताओं पर विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया।

    उन्होंने कहा कि सिम कार्ड की खरीद-बिक्री में सरकार के तय नियमों का सख्ती से पालन कराया जाए। नियमों का उल्लंघन करने वाले विक्रेताओं के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

    हर थाने में खुलेगी साइबर हेल्पडेस्क

    साइबर ठगी के पीड़ितों को त्वरित सहायता देने के लिए जिले के सभी थानों में साइबर हेल्पडेस्क स्थापित करने का निर्णय लिया गया है।

    इसके अलावा जिला स्तरीय बैंकिंग समन्वय समिति की प्रत्येक बैठक में डिजिटल अरेस्ट, बैंक फ्रॉड और साइबर अपराध से जुड़े मामलों की अलग से समीक्षा की जाएगी।

    स्कूल-कॉलेजों में चलेगा जागरूकता अभियान

    डीएम ने पुलिस विभाग के साइबर सेल को बड़े स्तर पर जनजागरूकता अभियान चलाने का निर्देश दिया।

    पहले चरण में स्कूलों और कॉलेजों में कार्यक्रम आयोजित कर छात्रों को साइबर सुरक्षा और ऑनलाइन ठगी से बचाव के उपाय बताए जाएंगे। इसके बाद सार्वजनिक स्थानों पर भी अभियान चलाया जाएगा।

    हर मंगलवार होगा 'साइबर मंगलवार'

    जिलाधिकारी ने जिले में प्रत्येक मंगलवार को 'साइबर मंगलवार' के रूप में मनाने का निर्देश दिया।

    इस दिन डिजिटल अरेस्ट, साइबर ठगी और ऑनलाइन बैंकिंग धोखाधड़ी से बचाव को लेकर विशेष जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। सहयोग शिविरों में भी लोगों को साइबर सुरक्षा की जानकारी दी जाएगी।

    साइबर अपराधियों पर होगी त्वरित कार्रवाई

    डीएम ने कहा कि साइबर अपराधी लोगों की मेहनत की कमाई ठगी के जरिए हड़प रहे हैं। ऐसे अपराधियों की पहचान कर उनके खिलाफ त्वरित कार्रवाई करना प्रशासन की प्राथमिकता है।

    उन्होंने कहा कि जागरूकता और सतर्कता बढ़ाकर ही साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है।