नालंदा के सरमेरा रोड पर सड़क हादसा, लखीसराय के 2 युवकों की मौत
नालंदा के सरमेरा रोड पर एक भीषण सड़क हादसे में लखीसराय के दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल है। ...और पढ़ें
-1777739662246_m.webp)
प्रस्तुति के लिए इस्तेमाल की गई तस्वीर। (जागरण)
HighLights
नालंदा के सरमेरा रोड पर भीषण सड़क हादसा।
लखीसराय के दो युवकों की मौके पर मौत।
एक युवक गंभीर रूप से घायल, अस्पताल में भर्ती।
संवाद सूत्र, लखीसराय। नालंदा जिले के पावापुरी थाना क्षेत्र अंतर्गत सरमेरा रोड पर शनिवार को भीषण सड़क हादसे में लखीसराय जिले के दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
यह हादसा उस समय हुआ जब तीनों युवक बाइक से आर्केस्ट्रा कार्यक्रम में शामिल होकर अपने घर वापस लौट रहे थे। मृतकों की पहचान पिपरिया थाना क्षेत्र के रामचंद्रपुर तीन खूंटी टोला निवासी राजीव गांधी के 18 वर्षीय पुत्र रितिक कुमार और लखीसराय थाना क्षेत्र के बालगुदर गांव निवासी उचित यादव के 17 वर्षीय पुत्र छोटू कुमार के रूप में की गई है।
वहीं, घायल युवक की पहचान बालगुदर गांव के सुधीर यादव के पुत्र रोशन कुमार के रूप में हुई है, जिसका इलाज स्थानीय अस्पताल में चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, तीनों युवक किसी पारिवारिक रिश्तेदारी में आयोजित ऑर्केस्ट्रा कार्यक्रम में शामिल होने गए थे और बाइक से घर लौट रहे थे।
इसी दौरान सरमेरा रोड पर सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया।
दो की घटनास्थल पर मौत
टक्कर इतनी भीषण थी कि दो युवकों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पावापुरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इसके बाद सूचना पर पहुंचे स्वजनों को शव सौंप दिया।
जैसे ही दोनों युवकों के शव रामचंद्रपुर और बालगुदर गांव पहुंचे, पूरे इलाके में कोहराम मच गया। स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और दोनों गांवों में मातम का माहौल छा गया है।
यह भी पढ़ें- अरवल में सड़क हादसों का कहर, ट्रक और स्कॉर्पियो की चपेट में आने से 2 लोगों की मौत और 2 घायल