अरवल में सड़क हादसों का कहर, ट्रक और स्कॉर्पियो की चपेट में आने से 2 लोगों की मौत और 2 घायल
अरवल जिले में दो अलग-अलग सड़क हादसों में एक छात्रा समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। ...और पढ़ें
-1777630199776_m.webp)
प्रस्तुति के लिए इस्तेमाल की गई सांकेतिक तस्वीर। (जागरण)
HighLights
अरवल में दो अलग-अलग सड़क हादसे हुए।
एक छात्रा समेत दो लोगों की मौत हो गई।
एनएच-139 और एनएच-33 पर घटनाएं हुईं।
जागरण संवाददाता, अरवल। जिले में दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो लोगों की जान चली गई। पहली घटना गुरुवार की रात कलेर थाना क्षेत्र में हुई, जहां आगनूर गांव के पास पटना औरंगाबाद एनएच- 139 पर एक ट्रक ने ऑटो में टक्कर मार दी।
हादसे में ऑटो सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई, उसकी पहचान औरंगाबाद जिले के वारुण इंग्लिश गांव निवासी हरदेव शर्मा के पुत्र पिंटू कुमार के रूप में की गई।
वह लकड़ी के व्यवसाय से जुड़ा था और इसी सिलसिले में डेहरी से लौट कर अरवल होते हुए अपने गांव लौट रहा था। घटना के सूचना पर सदर अस्पताल पहुंचे स्वजन ने बताया कि पिंटू कुमार लकड़ी की खरीद बिक्री का काम करता था, इसी सिलसिले में गुरुवार को डेहरी गया था, जहां से लौटकर देर शाम अरवल पहुंचा।
अरवल से ऑटो पर सवार होकर अपने गांव लौट रहा था, तभी आगनूर गांव के पास हाईवे पर एक ट्रक ने ओवरटेक के दौरान ऑटो में टक्कर मार दी, जिसमें किनारे बैठे पिंटू कुमार गंभीर रूप से जख्मी हो गए।
स्थानीय लोगों व पुलिस की मदद से जख्मी पिंटू को सदर अस्पताल लाया गया, जहां जांच के उपरांत चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया, गांव में भी मातम पसर गया।
खबरें और भी
एक किशोरी की मौत
दूसरी घटना शुक्रवार की सुबह किंजर थाना क्षेत्र में अरवल- जहानाबाद एनएच -33 पर हुई। बारह माइल के पास तेज रफ्तार एक स्कॉर्पियो ने बाइक सवार तीन लोगों को रौंद दिया, हादसे में 17 वर्षीय एक छात्रा की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि दो युवक-युवती गंभीर रूप से घायल हो गए।
तीनों एक ही बाइक पर सवार थे। घटना के बाद स्कॉर्पियो चालक गाड़ी लेकर फरार हो गया। पुलिस व स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। दोनों की हालत भी गंभीर बनी थी।
मृत छात्रा की पहचान जहानाबाद जिले के परस विगहा थाना क्षेत्र के हृदयचक गांव निवासी अजय कुमार की पुत्री कंचन कुमारी के रूप में की गई है। जख्मी युवक- युवती भी हृदयचक गांव के निवासी हैं और तीनों एक ही परिवार के सदस्य हैं।
एनएच-139 व एनएच-33 पर दोनों ही घटनाओं के बाद कुछ समय के लिए आवागमन बाधित हो गया, जिसे संबंधित थाने की पुलिस ने पहुंचकर सुचारु किया।
यह भी पढ़ें- जहानाबाद-अरवल रोड पर जाने से पहले ध्यान दें; पुनपुन पुल पर भारी वाहनों की नो एंट्री, अब नए रूट से होगी आवाजाही
यह भी पढ़ें- अरवल में बरातियों से भरी पिकअप वैन पलटी, 16 लोग घायल