नशे में टल्ली ASI का हंगामा, 2.30 घंटे चला 'गालीबाज' पुलिसवाले का ड्रामा; मधेपुरा SP ने लिया एक्शन
मधेपुरा के मठाही पुलिस शिविर में तैनात एएसआई देवेंद्र ठाकुर को शराब के नशे में हंगामा और गाली-गलौज करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। बिहार में पू ...और पढ़ें
HighLights
मठाही पुलिस शिविर में एएसआई ने शराब पीकर हंगामा किया।
स्थानीय लोगों से गाली-गलौज के बाद वीडियो वायरल हुआ।
एसपी के निर्देश पर जांच के बाद एएसआई गिरफ्तार हुआ।
जागरण टीम, मधेपुरा। बिहार में पूर्ण शराबबंदी कानून लागू है, लेकिन मंगलवार की रात एक पुलिस पदाधिकारी ने इसका मजाक उड़ाया। सदर थाना अंतर्गत मठाही पुलिस शिविर में तैनात एएसआई देवेंद्र ठाकुर ने शराब नशे में मठाही चौक पर जमकर हंगामा किया।
इतना ही नहीं, स्थानीय लोगों के साथ गाली-गलौज भी की। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग जुट गए और वातावरण तनावपूर्ण हो गया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने लगा। जिसकी पुष्टि दैनिक जागरण नहीं करता है। इस बीच किसी ने इसकी सूचना एसपी संदीप सिंह को दी।
एसपी के द्वारा संज्ञान लेते ही तत्काल आरोपित एएसआई को सदर थाना की पुलिस द्वारा हिरासत में लेकर जांच कराई गई। जांच में शराब पीने की पुष्टि होने पर गिरफ्तार कर लिया गया।
शंकरपुर थाने से तबादला के बाद मंगलवार को ही एएसआई देवेंद्र ठाकुर ने मंगलवार को ही मठाही पुलिस शिविर में योगदान दिया था।
पहले शराब के नशे में की गाली-गलौज फिर मांगी माफी :
स्थानीय लोगों के अनुसार, मंगलवार की रात करीब 8 बजे एएसआई देवेंद्र ठाकुर शराब के नशे में मिठाई चौक पर कुछ लोगों के साथ गाली-गलौज कर रहे थे। लोगों ने जब इसका विरोध किया तो वह अपने आवास चले गए। इसके बाद स्थानीय युवाओं का आक्रोश फूट पड़ा।
लोगों का कहना था कि जब आम नागरिक शराब पीने के आरोप में पकड़े जाते हैं तो तत्काल जेल भेज दिया जाता है, लेकिन पुलिस पदाधिकारी ऐसा कैसे कर सकते हैं।
वायरल वीडियो में एएसआई देवेंद्र ठाकुर अपने कमरे में कुछ लोगों से माफी मांगने एवं मामले को रफादफा करने की बात करते हुए दिखाई दे रहे हैं, जबकि अन्य वीडियो में गाली-गलौज किए जाने की बात भी कही जा रही है।
खबरें और भी
ढाई घंटे तक चलता रहा लोगों का हंगामा:
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रात करीब आठ बजे शुरू हुआ हंगामा करीब 10.30 बजे तक यानी लगभग ढाई घंटे तक चलता रहा। इस दौरान मठाही चौक पर बड़ी संख्या में लोग जमा रहे। लोगों ने मौके पर ही ब्रेथ एनालाइजर मशीन मंगाकर एएसआई देवेंद्र ठाकुर की जांच कराने की मांग की।
इधर, मामले की गंभीरता को देखते हुए भान टेकठी पंचायत के मुखिया विकास कुमार व मठाही के सरपंच बलराम यादव मौके पर पहुंचे और लोगों को शांत कराने का प्रयास किया। इसके बाद डायल-112 की टीम भी पहुंची।
ड्यूटी पर तैनात दरोगा सुनील कुमार ने लोगों को निष्पक्ष कार्रवाई का भरोसा दिया, लेकिन लोग मौके पर ही जांच कराने की मांग पर अड़े रहे।
बाद में सूचना मिलने पर सदर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची व एएसआई देवेंद्र ठाकुर को हिरासत में लेकर अपने साथ सदर थाना लेकर चली गई। इसके बाद स्थिति धीरे-धीरे सामान्य हुई।
मंगलवार की रात्रि में ग्रामीणों से सूचना मिली थी कि सदर थाना अंतर्गत मठाही पुलिस शिविर में पदस्थापित एएसआई देवेंद्र ठाकुर शराब का सेवन कर अपने आवास पर हो हंगामा कर रहे हैं। सदर थानाध्यक्ष के द्वारा सत्यापन कराए जाने पर मामला सही पाया गया। जिसके बाद पुसअनि देवेंद्र ठाकुर को पुलिस अभिरक्षा में लेकर जांच कराने पर 69/100 एमजी शराब पीने की पुष्टि हुई। पुसअनि देवेंद्र ठाकुर को गिरफ्तार कर विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है। - संदीप सिंह, एसपी