मधेपुरा: श्राद्ध भोज में 25 राउंड फायरिंग करने वाला कुख्यात विवेक गिरफ्तार; पैर में गोली लगे मनखुश के बयान पर भी FIR
मधेपुरा के बेहरारी पंचायत में श्राद्ध भोज के दौरान हुई गोलीबारी मामले में कुख्यात अपराधी विवेक यादव और उसके सहयोगी मनखुश यादव को गिरफ्तार कर लिया गया ...और पढ़ें

वर्चस्व की जंग में बेहरारी में हुई थी अंधाधुंध गोलीबारी; 1 की मौत व 1 गंभीर रूप से घायल, SIT ने गम्हरिया से दबोचा
HighLights
श्राद्ध भोज में गोलीबारी का मुख्य आरोपी विवेक गिरफ्तार।
घटना में एक की मौत, एक गंभीर रूप से घायल हुआ।
आपराधिक वर्चस्व की लड़ाई में हुई थी यह वारदात।
संवाद सहयोगी, मधेपुरा। जिले के शंकरपुर प्रखंड की बेहरारी पंचायत में गत 1 अगस्त की रात श्राद्ध भोज के दौरान हुई भीषण गोलीबारी मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। विशेष जांच टीम (SIT) ने कार्रवाई करते हुए कुख्यात अपराधी विवेक यादव और उसके सहयोगी मनखुश यादव को गम्हरिया के सिंगियोन गांव से गिरफ्तार कर लिया है।
गुरुवार शाम सदर एसडीपीओ कार्यालय में प्रेस वार्ता के दौरान एएसपी प्रवेंद्र भारती ने बताया कि यह सनसनीखेज वारदात संदीप पहलवान और विवेक यादव के बीच लंबे समय से चली आ रहे आपराधिक वर्चस्व की लड़ाई में हुई थी। अंधाधुंध गोलीबारी में रामू यादव (50) की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि सिर में गोली लगने से राजकुमार (25) नामक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया था, जिसका इलाज जारी है।
श्राद्ध भोज में चली थी 25 राउंड गोलियां
घटना 1 अगस्त की रात करीब 9 बजे बेहरारी गांव में संजय यादव के घर आयोजित श्राद्ध कर्म के दौरान हुई थी। विरोधी गुट के अपराधियों की हत्या की नीयत से हुई इस वारदात के दौरान 20 से 25 राउंड गोलियां चली थीं, जिससे पूरे इलाके में भगदड़ मच गई थी।
15 खोखे व राइफल का कॉकिंग हैंडल बरामद
घटनास्थल से पुलिस ने 15 खोखा, 1 जिंदा कारतूस और एक राइफल का कॉकिंग हैंडल बरामद किया था। मृतक के पुत्र श्रवण कुमार के आवेदन पर सिंहेश्वर थाने में एफआईआर दर्ज की गई थी। एसपी के निर्देश पर गठित एसआईटी ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर बुधवार को दोनों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया। कुख्यात विवेक यादव का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ लूट, हत्या और आर्म्स एक्ट के 7 संगीन मामले दर्ज हैं।
खबरें और भी
घायल मनखुश के फर्द बयान पर दूसरे गुट पर FIR
इधर, मामले में गिरफ्तार आरोपी मनखुश यादव के पैर में भी गोली लगी है, जिसका इलाज पुलिस ने सिंहेश्वर सीएचसी में कराया। अस्पताल में मनखुश ने अपने फर्द बयान में विरोधी गुट के संदीप यादव उर्फ संदीप पहलवान, वजीर यादव, सोनू पहलवान और गौतम यादव पर जानलेवा हमले का आरोप लगाया।
संदीप पहलवान व वजीर दबोचे गए
मनखुश का दावा है कि जब वह भोज में पहुंचा तो संदीप पहलवान और उसके साथियों ने उसे घेर लिया और गालियां दीं। विवेक यादव के पहुंचते ही विरोधी गुट ने कट्टे व पिस्टल से ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। मनखुश के बयान के आधार पर पुलिस ने संदीप पहलवान और वजीर यादव को भी हिरासत में ले लिया है, जिसका आधिकारिक खुलासा शुक्रवार को किया जाएगा।
विवेक यादव का आपराधिक इतिहास
शंकरपुर थाना: कांड संख्या 36/10, 61/13, 95/13, 69/20, 152/20
छातापुर थाना: कांड संख्या 26/16
सिंहेश्वर थाना: कांड संख्या 96/22