मधेपुरा में चूल्हे की चिंगारी से घर में लगी आग, पांच लाख रुपये की संपत्ति राख
मधेपुरा के भदौल बुधमा पंचायत में चूल्हे की चिंगारी से लगी भीषण आग में एक परिवार का घर और लाखों का सामान जलकर राख हो गया। ...और पढ़ें

मधेपुरा में चूल्हे की चिंगारी से घर में लगी आग, पांच लाख रुपये की संपत्ति राख

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
संवाद सहयोगी, मधेपुरा। सदर प्रखंड क्षेत्र की भदौल बुधमा पंचायत के वार्ड संख्या सात में मंगलवार की देर रात भीषण अगलगी की घटना से एक परिवार पूरी तरह तबाह हो गया। चूल्हे की चिंगारी से लगी इस आग ने देखते ही देखते पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे घर में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया।
घटना के बाद पीड़ित परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हो गया है। पीड़ित जयनारायण मुखिया ने बताया कि मंगलवार की रात लगभग 11 बजे परिवार के सभी सदस्य भोजन कर सो गए थे।
देर रात अचानक घर में आग लग गई, जिसकी जानकारी घर के लोगों को उस समय हुई जब रास्ते से गुजर रहे डीजे वाहन चालक ने घर में आग की लपटें देखी। डीजे चालक ने शोर मचाकर आसपास के लोगों को जगाया, जिसके बाद अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू तो पा लिया गया, लेकिन तब तक घर में रखा सारा सामान जलकर खाक हो चुका था।
पीड़ित ने बताया कि इस अगलगी में घर का अनाज, पलंग, अलमारी, ट्रंक, गोदरेज, कपड़े, ज्वेलरी समेत सभी घरेलू सामान पूरी तरह नष्ट हो गया। इसके अलावा घर में रखे करीब 20 हजार रुपए नगद भी आग की भेंट चढ़ गए। घटना के बाद पीड़ित परिवार गहरे सदमे में है।
जयनारायण मुखिया ने बताया कि इस अगलगी में लगभग चार से पांच लाख रुपए की संपत्ति का नुकसान हुआ है। इतनी बड़ी क्षति के बाद परिवार के सामने रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करना भी चुनौती बन गया है। घटना की सूचना स्थानीय प्रशासन को दे दी गई है।
खबरें और भी
पीड़ित परिवार ने जिलाधिकारी को आवेदन देकर उचित मुआवजे की मांग की है, ताकि वह फिर से अपने जीवन को पटरी पर ला सके। वहीं ग्रामीणों ने भी प्रशासन से जल्द राहत उपलब्ध कराने की अपील की है।