बिहार में ₹200 के जाली नोट से खरीदारी कर रहे थे 2 युवक, ग्रामीणों ने पकड़ा; 23 नकली नोट मिले
पुरैनी, मधेपुरा के भटौनी गांव में ग्रामीणों ने 200 रुपये के जाली नोटों के साथ दो युवकों को पकड़ा। रमेश कुमार और नीतीश कुमार नामक ये युवक दुकानों में ज ...और पढ़ें

₹200 के जाली नोट से खरीदारी कर रहे थे 2 युवक (AI Generated Image)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
संवाद सूत्र, पुरैनी (मधेपुरा)। वंशगोपाल पंचायत के भटौनी गांव में मंगलवार की दोपहर ग्रामीणों ने 200 रुपये के जाली नोट के साथ दो तस्करों को दबोचकर पुलिस को सुपुर्द कर दिया। गिरफ्तार तस्कर मुरलीगंज थाना क्षेत्र के रजनी प्रसादी चौक वार्ड संख्या 16 निवासी शशिधर दास का पुत्र रमेश कुमार (25) और वार्ड संख्या 17 निवासी लिखन दास का पुत्र नीतीश कुमार (27) है। पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है।
थानाध्यक्ष चंद्रजीत प्रभाकर ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि जाली नोटों के साथ पकड़े गए दोनों आरोपितों से पूछताछ और मामले की जांच की जा रही है।
भटौनी गांव निवासी रवि मंडल, मिथिलेश मंडल, पप्पू मंडल, दीपक कुमार, अंकित कुमार, सज्जन यादव, चंद्रशेखर यादव, हीरो सिंह समेत अन्य ग्रामीणों ने बताया कि दिनेश मंडल मंगलवार की दोपहर अपनी दुकान पर बैठे थे। इसी दौरान एक बाइक पर सवार दो युवक पहुंचा और दुकानदार को 200 रुपये का नोट देकर पान मसाला की पुड़िया मांगी।
दुकानदार को नोट जाली होने का संदेह हुआ और पान मसाला देने से इनकार कर दिया। इस पर दोनों युवकों ने दावा किया कि पेट्रोल पंप पर रुपये वापस दिया है। यह जाली नोट नहीं है। दुकानदार ने इसके बाद 20 रुपये काटकर 180 रुपये दोनों युवक को वापस कर दिया।
दुकानदार के बेटे ने कहा- नोट जाली है
दोनों युवक जैसे ही वहां से निकले, तभी दुकानदार के बेटे रवि कुमार पहुंचे। दुकानदार ने उन्हें नोट दिखाया तो रवि ने कहा- यह नोट जाली है। यह सुनते ही दुकानदार दिनेश मंडल दोनों युवकों की खोजबीन करने के लिए निकला। कुछ ही दूरी पर एक अन्य दुकान से दोनों युवक दूसरे 200 रुपये के जाली नोट देकर पान मसाला की पुड़िया लेते दिखे।
खबरें और भी
मौके पर पहुंचे दिनेश मंडल ने बाइक सहित दोनों युवकों को दबोच लिया। शोर मचाने पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। इसके बाद डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों युवकों को हिरासत में ले लिया।
तलाशी में मिले 23 नकली नोट
ग्रामीणों के मुताबिक जब दोनों युवकों की तलाशी ली गई तो उसके पास से 200 रुपये के 23 जाली नोट यानी कुल 4600 सौ रुपये बरामद किए गए। नाम पता पूछे जाने पर वह ग्रामीणों को गलत नाम और गलत पता बताकर भरमाने की कोशिश करता रहा। हालांकि, पुलिस ने जब सख्ती से पूछताछ की तो दोनों ने अपना सही नाम और पता बताया।
पुरैनी थाना क्षेत्र में जाली नोट के साथ दो युवकों को पकड़ा गया है। जाली नोट के नेटवर्क को खंगलाने के लिए विशेष टीम मामले की जांच कर रही है। - संदीप सिंह, एसपी