बिहार बंद : मधेपुरा समाहरणालय घेरने जा रहे 17 छात्र हिरासत में, बैरिकेडिंग तोड़ पुलिस से भिड़े प्रदर्शनकारी
मधेपुरा में नीट पेपर लीक और केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर हुए बिहार बंद का मिलाजुला असर दिखा। प्रदर्शनकारी छात्रों ने सड़क जाम की ...और पढ़ें

मधेपुरा में प्रदर्शन।
HighLights
नीट पेपर लीक के विरोध में मधेपुरा में बिहार बंद।
छात्रों ने कॉलेज चौक पर सड़क जाम कर प्रदर्शन किया।
समाहरणालय घेरने जा रहे 17 प्रदर्शनकारी छात्र हिरासत में।
जागरण संवाददाता, मधेपुरा। नीट पेपर लीक मामले, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग तथा दिल्ली में आंदोलनकारी छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में शनिवार को आयोजित 'बिहार बंद' का मधेपुरा में मिलाजुला असर देखने को मिला। बंद के दौरान विभिन्न छात्र संगठनों के कार्यकर्ताओं ने शहर के कॉलेज चौक पर उग्र प्रदर्शन करते हुए सड़क जाम की और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
टीपी कॉलेज के पास एकत्र हुए छात्र
बिहार बंद के आह्वान पर विभिन्न छात्र संगठनों से जुड़े दर्जनों छात्र सुबह ठाकुर प्रसाद (टीपी) महाविद्यालय मधेपुरा के समीप एकत्र हुए। प्रदर्शनकारी छात्र नीट परीक्षा में हुई धांधली की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे थे। छात्रों के उग्र प्रदर्शन के कारण कॉलेज चौक और आसपास के मार्गों पर काफी देर तक आवागमन पूरी तरह बाधित रहा।
समाहरणालय घेराव की थी योजना
प्रदर्शनकारी छात्रों की योजना जुलूस निकालकर समाहरणालय का घेराव करने और जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपने की थी। छात्र जैसे ही नारेबाजी करते हुए समाहरणालय की ओर बढ़े, पुलिस ने कॉलेज चौक पर पहले से लगाई गई बैरिकेडिंग के जरिए उन्हें रोकने का प्रयास किया। इस दौरान उत्तेजित छात्रों ने बैरिकेडिंग हटाकर आगे बढ़ने की कोशिश की, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया।
पुलिस ने 17 छात्रों को लिया हिरासत में
प्रशासनिक अधिकारियों के समझाने के बाद भी जब छात्र सड़क खाली करने और पीछे हटने को तैयार नहीं हुए, तो पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए कार्रवाई की। पुलिस की सतर्कता के कारण छात्र समाहरणालय तक नहीं पहुंच सके और रास्ते में ही करीब 17 प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर सदर थाना भेज दिया गया।
खबरें और भी
-1784961954417.jpg)
सुरक्षा व्यवस्था में मुस्तैद रहे आलाधिकारी
सदर अनुमंडल पदाधिकारी (SDO) संतोष कुमार और सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) सह एएसपी प्रवेंद्र भारती स्वयं मौके पर मौजूद रहकर स्थिति की निगरानी कर रहे थे। मौके पर सदर थानाध्यक्ष विमलेंदु कुमार, सिंहेश्वर थानाध्यक्ष विनोद सिंह, बेलारी थानाध्यक्ष स्नेहा कुमारी समेत भारी संख्या में पुलिस जवान तैनात रहे।
प्रदर्शन के दौरान 17 छात्रों को हिरासत में लेकर सदर थाना लाया गया है, जहां कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। पुलिस की चौकसी के कारण कोई अप्रिय घटना नहीं हुई और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। आम लोगों से शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने की अपील की गई है। किसी को भी कानून हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
प्रवेंद्र भारती, एएसपी सह एसडीपीओ, मधेपुरा