मधेपुरा में दोस्त के घर गए युवक का बोरे में बंद मिला शव, परिजनों का आरोप- 7-8 लाख रुपये भी थे साथ
मधेपुरा में एक युवक का शव धान के खेत से बोरे में बंद मिला, जिसकी पहचान बाबू साहब के रूप में हुई है। परिजनों ने दोस्त और उसके परिवार पर हत्या का आरोप ल ...और पढ़ें

खेत में बोरे में बंद मिला शव
HighLights
मधेपुरा में धान के खेत से युवक का शव बरामद।
मृतक के दोस्त और परिवार पर हत्या का आरोप।
परिजनों ने 7-8 लाख रुपये के लेनदेन का शक जताया।
संवाद सहयोगी, मधेपुरा। जिले के घैलाढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत रतनपुरा-दुधैला रोड में धान खेत से बोरा में बंद एक युवक का शव बरामद किया गया। गले पर काला निशान था और मुंह से खून निकल रहा था।
मृतक की पहचान मधेपुरा थाना क्षेत्र के बालम गढ़िया वार्ड संख्या एक निवासी स्व. अंगद यादव के पुत्र बाबू साहब (24) के रूप में हुई है। गुरुवार की सुबह सदर अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराया गया।
दोस्त के साथ जाने की बात कहकर घर से निकला था
स्वजन का आरोप है कि बुधवार की सुबह बाबू साहब अपने मित्र मनी कुमार यादव के घर सहरसा जिले के बैजनाथपुर थाना क्षेत्र के सबैला भगवानपुर गांव जाने की बात कहकर निकला था। इसके बाद 10.30 बजे तक स्वजन की बातचीत भी हुई लेकिन 11 बजे के बाद मोबाइल बंद हो गया।
स्वजन ने दोस्त मनी कुमार यादव व उसके स्वजन पर गला घाेंट कर हत्या के बाद शव फेंक दिए जाने का आरोप लगाया है। मृतक मधेपुरा स्थित एक पैथोलोजी में काम करता था।
आरोपित दोस्त के ससुराल से पांच किमी की दूरी पर मिला शव
बालम गढ़िया निवासी बाबू साहब का शव घर से करीब 10 किमी दूर धान खेत में बोरी में बंद बरामद किया गया। घटनास्थल आरोपित दोस्त मनी कुमार यादव के ससुराल गोढ़ियारी गांव से बमुश्किल पांच किमी की दूरी पर है। उसका घर भगवानपुर भी घटनास्थल से 11 किमी की दूरी पर है।
स्वजन रस्सी से गला घाेंट कर हत्या किए जाने का आरोप लगा रहे हैं। स्वजन ने मनी कुमार यादव, उसकी पत्नी पूजा कुमारी, मनी यादव के पिता दिनेश यादव, ससुर नरेश यादव(गोढ़ियारी) और भाई संदीप कुमार को नामजद आरोपित बनाया है।
कार से धान खेत में शव फेंकते हुए महिलाओं ने देखा था
घटनास्थल के आसपास खेत में काम कर रही महिलाओं के अनुसार बुधवार की देर शाम एक चार चक्का वाहन से उतर कर दो लोगों ने सड़क किनारे बोरा फेंक दिया था। जब महिलाएं बोरा के समीप पहुंचीं तो खून लगा देख आसपास के लोगों को जानकारी दी। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को सदर अस्पताल लाया गया। देर रात में शव की पहचान हो पाई।
खबरें और भी
दाेस्त ने गाड़ी से बाहर निकलने की दी जानकारी तो गहराया शक
पत्नी निशा कुमारी ने बताया कि बुधवार की सुबह करीब 7.30 बजे बाबू साहब यादव घर से सहरसा जिले के बैजनाथपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सबैला भगवानपुर गांव स्थित अपने दोस्त मनी कुमार यादव के घर जाने की बात कहकर निकला था। सुबह करीब 10.30 बजे तक बातचीत हुई, लेकिन करीब 11 बजे उनका मोबाइल फोन बंद हो गया।
इसके बाद जब दोस्त मनी कुमार यादव से संपर्क किया गया तो उसने कहा कि बाबू साहब गाड़ी लेकर कहीं गए हुए हैं। इसी बात शक गहरा गया। स्वजन का कहना है कि बाबू साहब की गाड़ी पिछले तीन दिनों से सर्विस सेंटर में है तो फिर वह गाड़ी लेकर कैसे निकल गया।
आरोपित दोस्त की पत्नी को एक चिकित्सक के पास लगवाया था नौकरी
पोस्टमार्टम हाउस के समीप मौजूद बाबू साहब के अन्य दोस्तों ने बताया कि मनी कुमार यादव सबैला चौक पर कपड़े की दुकान करता है। बाबू साहब ने उसकी पत्नी को एक चिकित्सक के यहां नौकरी लगवा दिया था।
पुराना दोस्त होने की वजह से वह अक्सर उसके घर आया-जाया करता था। दबी जुबान से यह भी बताया कि बुधवार को लैब के कलेक्शन का 7-8 लाख रुपये भी उसके पास था।
मृतक को है एक पुत्र और पत्नी है गर्भवती
मृतक की बाबू साहब की शादी वर्ष 2022 में दीघरा निवासी निशा कुमारी से हुई थी। उनका दो साल एक बेटा है। पत्नी गर्भवती है। परिवार में दो बहनों एवं एक भाई के बीच मृतक बाबू साहब यादव दूसरे स्थान पर था।
आवेदन के आधार पर केस दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। - लक्ष्मीनारायण महतो, प्रभारी थानाध्यक्ष, मधेपुरा।