बिहार में सड़क हादसा: 2 बाइकों की टक्कर में पति-पत्नी सहित 3 की मौत, दो युवक घायल
लदनियां थाना क्षेत्र के पद्मा गांव के पास एनएच 227 पर दो बाइक की आमने-सामने टक्कर में पति-पत्नी समेत तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। ...और पढ़ें
-1780155131754_m.webp)
घायलों का चल रहा इलाज। (जागरण)
HighLights
पद्मा गांव के पास दो बाइक की टक्कर।
हादसे में पति-पत्नी समेत तीन की मौत।
दो लोग गंभीर रूप से घायल, अस्पताल रेफर।
संवाद सहयोगी, लदनियां। लदनियां थाना क्षेत्र के पद्मा गांव के पास एनएच 227 मुसहरी गणेश चौक पर शनिवार को दो बाइक की आमने सामने टक्कर में पति पत्नी समेत तीन लोगों की मौत घटनास्थल पर ही हो गई।
जबकि दो गंभीर रूप से घायल हो गये। घटनास्थल के समीप सुरक्षा पर तैनात योगिया चौकी सिपाही रंजन कुमार व लदनियां थाना के चौकीदार मो. आलम ने स्थानीय लोगों के सहयोग से दोनों घायलों को इलाज के लिए जयनगर अनुमंडल अस्पताल भेजा।
लदनियां थानाध्यक्ष अनुप कुमार ने शवों को लदनियां सीएचसी में पहुंचवाया, जहां चिकित्सक ने आधिकारिक तौर पर उन्हें मृत घोषित किया।
वहीं, इलाज के लिये अनुमंडल अस्पताल में भर्ती दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सक डॉ. शहनवाज ने हालत नाजुक देखते हुए सदर अस्पताल मधुबनी रेफर कर दिया।
घायलों की पहचान खुटौना थाना क्षेत्र के नवटोली गांव निवासी श्रीदेवी कामत के 18 वर्षीय पुत्र सुजीत कुमार व रामखत कामत के 18 वर्षीय पुत्र करण कुमार के रूप में हुई है।
जबकि मृतक की पहचान लदनियां थाना क्षेत्र के कुमरखत निवासी रमेश कामत का 19 वर्षीय पुत्र सचिन कुमार कामत एवं बासोपट्टी थाना क्षेत्र के कदुवाही गांव निवासी दुखी नदाफ के 35 वर्षीय पुत्र राजन नदाफ व उसकी 25 वर्षीय पत्नी रकसो खातुन के रूप में हुई है।
पोस्टमार्टम से इनकार
थानाध्यक्ष अनुप कुमार ने बताया कि तीनों मृतक के परिजनों ने शव को पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। दोनों मृतक के परिजनों के द्वारा पुलिस को लिखित आवेदन देने पर शव को स्वजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार खुटौना थाना क्षेत्र के नवटोली गांव निवासी सुजीत कुमार और उसका दोस्त लदनियां थाना क्षेत्र के कुमरखत निवासी मृतक सचिन कुमार कामत शनिवार को मुंबई जाने वाले थे।
खुटौना से निकलने के दौरान सुजीत ने करण को साथ ले लिया। दोनों बाइक से लदनियां के कुमरखत पहुंचे और सचिन कुमार कामत को अपनी बाइक पर लेकर जयनगर स्टेशन के लिये निकले। जहां सुजीत और सचिन को लोकमान्य तिलक टर्मिनल मुबंई के बीच चलने वाली पवन एक्सप्रेस ट्रेन पकड़नी थी।
खबरें और भी
ससुराल जा रहा था राजन
वहीं, बकरीद समाप्त होने पर बासोपट्टी थाना क्षेत्र के कदुवाही गांव निवासी राजन नदाफ अपनी बाइक से पत्नी रकसो खातुन के साथ ससुराल ललमनिया जा रहा था।
एनएच 227 स्थित पद्मा के गणेश चौक पर दोनों बाइक की आमने सामने टक्कर में पति पत्नी और सचिन की मौत घटनास्थल पर ही हो गई। जबकि सुजीत और करण गंभीर रूप से घायल हो गए।
उन्हें सिपाही व चौकीदार के साथ स्थानीय लोगों के सहयोग से जयनगर अनुमंडल अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां चिकित्सक ने हालत नाजुक देखते हुए सदर अस्पताल रेफर कर दिया।
यह भी पढ़ें- बेगूसराय में डायल-112 की गाड़ी से कुचलकर किसान की मौत, परिजनों ने की कार्रवाई की मांग
यह भी पढ़ें- सुपौल में शराब तस्करों की कार ने JDU नेता को कुचला, अस्पताल में मौत; 2 आरोपी गिरफ्तार