मधुबनी के वाटसन स्कूल कैंपस में निजी एकेडमी की छात्राओं के बीच चाकूबाजी, एक घायल
Madhubani Crime News: मधुबनी के वाटसन स्कूल परिसर में एक प्रशिक्षण शिविर के दौरान दो छात्राओं के बीच विवाद हिंसक हो गया, जिसमें एक छात्रा चाकू लगने से ...और पढ़ें

घायल छात्रा को तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया गया।
HighLights
वाटसन स्कूल परिसर में छात्राओं के बीच चाकूबाजी हुई।
पुरानी बात को लेकर विवाद में एक छात्रा घायल हुई।
पुलिस मामले की जांच कर रही, शिकायत का इंतजार है।
जागरण संवाददाता, मधुबनी। Madhubani Watson School: शहर स्थित वाटसन स्कूल परिसर में शुक्रवार को प्रशिक्षण शिविर के दौरान दो छात्राओं के बीच विवाद हिंसक हो गया।
कहासुनी के बाद एक छात्रा ने दूसरी पर चाकू से कई वार कर दिए। हमले में छात्रा घायल हो गई, जिसे सहपाठियों की मदद से तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
जानकारी के अनुसार, वाटसन स्कूल परिसर में एक निजी एकेडमी की ओर से प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जा रहा था। इसी दौरान किसी पुरानी बात को लेकर दो छात्राओं के बीच विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते दोनों के बीच मारपीट होने लगी और इसी दौरान एक छात्रा ने चाकू से दूसरी पर हमला कर दिया।
हमले में घायल छात्रा को तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद स्वजन उसे बेहतर इलाज के लिए निजी अस्पताल ले गए। घटना के बाद स्कूल परिसर में कुछ देर के लिए अफरातफरी की स्थिति बन गई।
घटना के पीछे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। घायल छात्रा और उसके पिता ने विवाद के कारणों के बारे में कुछ भी बताने से इनकार कर दिया। इससे पुलिस के सामने घटना की पूरी परिस्थितियों को स्पष्ट करने की चुनौती बनी हुई है।
घटना की सूचना मिलने पर नगर थाना पुलिस वाटसन स्कूल परिसर पहुंची। हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पहले ही घायल छात्रा के स्वजन उसे निजी अस्पताल ले जा चुके थे। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ कर मामले की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है।
खबरें और भी
पुलिस निरीक्षक सह नगर थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि घटना के संबंध में फिलहाल किसी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत नहीं मिली है। पुलिस अपने स्तर से मामले की जांच कर रही है। शिकायत मिलने और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस प्रशिक्षण शिविर में मौजूद लोगों और छात्राओं से घटना के संबंध में जानकारी जुटा रही है। विवाद किस बात को लेकर शुरू हुआ और चाकू छात्रा के पास कैसे पहुंचा, इसकी भी जांच की जा रही है।
पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही घटना के कारण और आगे की कार्रवाई को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।