मधुबनी में समूह लोन के नाम पर करोड़ों की साइबर ठगी का भंडाफोड़, ठग दंपती गिरफ्तार
Bihar Cyber Crime: मधुबनी पुलिस ने समूह लोन दिलाने के बहाने महिलाओं के बैंक खातों का इस्तेमाल कर करोड़ों रुपये की साइबर ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरो ...और पढ़ें

समूह लोन दिलाने का झांसा देकर उनके नाम से बैंक खाते खुलवाते थे। फाइल फोटो
जागरण संवाददाता, मधुबनी। Madhubani Cyber Fraud: पुलिस ने समूह लोन दिलाने का झांसा देकर महिलाओं के बैंक खातों का इस्तेमाल करोड़ों रुपये की साइबर ठगी में करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है।
साइबर थाना में दर्ज मामले की जांच के दौरान पुलिस ने एक दंपती को गिरफ्तार किया है। दोनों पर महिलाओं के नाम से बैंक खाते खुलवाकर साइबर अपराधियों को उपलब्ध कराने का आरोप है।
समूह लोन के बहाने खुलवाते थे बैंक खाते
पुलिस के अनुसार, साइबर थाना में दर्ज मामले की जांच के क्रम में रहिका थाना क्षेत्र से विजय चंद्र पाल और उसकी पत्नी को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि वे महिलाओं को समूह लोन दिलाने का झांसा देकर उनके नाम से बैंक खाते खुलवाते थे।
एटीएम, चेकबुक और सिम रखते थे पास
जांच में सामने आया कि बैंक खाते खुलवाने के बाद आरोपित महिलाओं के एटीएम कार्ड, चेकबुक और सिम कार्ड अपने कब्जे में रख लेते थे। इसके बाद इन खातों का इस्तेमाल असम, महाराष्ट्र, गुजरात, कर्नाटक समेत कई राज्यों में सक्रिय साइबर अपराधियों के साथ मिलकर ठगी की रकम के लेन-देन के लिए किया जाता था।
छापेमारी में कई बैंक दस्तावेज बरामद
पुलिस ने आरोपितों के पास से 53 बैंक पासबुक, 47 चेकबुक, 22 विभिन्न मुहरें और चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं। जब्त किए गए दस्तावेजों और मोबाइल की जांच कर पूरे नेटवर्क का पता लगाया जा रहा है।
एसएसपी योगेंद्र कुमार ने बताया कि आरोपितों से जुड़े बैंक खातों के खिलाफ देश के विभिन्न राज्यों से 91 साइबर शिकायतें दर्ज हैं। दोनों आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।