Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    मधुबनी के खजौली में सड़क हादसे के बाद बवाल, युवक का शव सड़क पर रखकर किया प्रदर्शन

    By Brajmohan MishraEdited By: Ajit kumar
    Updated: Sat, 01 Aug 2026 07:21 PM (GMT+05:30)

    मधुबनी के खजौली में सड़क हादसे में युवक की मौत के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने शव रखकर मुख्य सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। पुलिस प्रशासन पर लापरवाही ...और पढ़ें

    लोगों ने अंबेडकर प्रतिमा के पास शव रखकर पुलिस प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया।

    लोगों ने अंबेडकर प्रतिमा के पास शव रखकर पुलिस प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया।

    जागरण संवाददाता, मधुबनी। Madhubani Road Accident: जिले के खजौली थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में युवक की मौत के बाद शनिवार को स्वजन और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। पोस्टमार्टम के बाद शव खजौली पहुंचते ही लोगों ने थाना के सामने मुख्य सड़क पर शव रखकर विरोध-प्रदर्शन शुरू कर दिया।

    इस दौरान करीब एक घंटे तक सड़क पर आवागमन पूरी तरह बाधित रहा।

    जानकारी के अनुसार, शुक्रवार शाम खजौली बाजार स्थित पुरानी रेलवे गुमटी के पास यू-आकार की सड़क पर बाइक दुर्घटना में युवक की मौत हो गई थी। शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचा तो स्वजन और ग्रामीण आक्रोशित हो उठे।

    करीब चार दर्जन से अधिक लोगों ने अंबेडकर प्रतिमा के पास शव रखकर पुलिस प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया।

    प्रदर्शन कर रहे लोगों का आरोप था कि दुर्घटना में शामिल ट्रक घटनास्थल से फरार हो गया, लेकिन पुलिस उसे जब्त नहीं कर सकी। इसी बात को लेकर लोग पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते रहे।

    मौके पर मौजूद थानाध्यक्ष सपन कुमार लोगों को शांत कराने का प्रयास करते रहे।

    बाद में एसडीपीओ सदर-2 कामिनी कौशल मौके पर पहुंचीं और लोगों से बातचीत की। उन्होंने आश्वासन दिया कि फरार वाहन के चालक और वाहन मालिक के विरुद्ध नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

    उनके समझाने-बुझाने के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ और लोगों ने सड़क से जाम हटाया।

    मृतक की माता वीना देवी ने दुर्घटना को लेकर स्थानीय थाना में आवेदन दिया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि आवेदन को आवश्यक कार्रवाई के लिए ट्रैफिक थाना, मधुबनी भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले में कानूनी प्रक्रिया के तहत कार्रवाई की जा रही है और फरार वाहन की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।