मधुबनी के मरीजों को ब्लड के लिए नहीं पड़ेगा भटकना, 14 अस्पतालों में खुलेगी स्टोरेज यूनिट
Bihar State Health Society: मधुबनी के 10 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और 4 अनुमंडलीय अस्पतालों में जल्द ही रक्त संग्रहण इकाइयां स्थापित की जाएंगी। यह ...और पढ़ें

मुख्यमंत्री सात निश्चय योजना के तहत इन सभी ब्लड स्टोरेज यूनिट्स की स्थापना की जा रही है। फाइल फोटो
जागरण संवाददाता, मधुबनी। Madhubani Blood Storage Unit: जिले के 10 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) एवं चार अनुमंडलीय अस्पतालों में जल्द ही रक्त संग्रहण इकाइयों की स्थापना की जाएगी।
राज्य स्वास्थ्य समिति बिहार ने इस संबंध में सभी जिलों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करते हुए कर्मचारियों की प्रशिक्षण प्रक्रिया शुरू करने का निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री सात निश्चय योजना के तहत इन सभी ब्लड स्टोरेज यूनिट्स की स्थापना की जा रही है।
यूनिट संचालन के लिए प्रत्येक स्वास्थ्य संस्थान से एक चिकित्सा अधिकारी और एक प्रयोगशाला प्राविधिक का चयन कर ऑनलाइन प्रशिक्षण दिया जाएगा।
इसके बाद उन्हें तीन दिवसीय भौतिक प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा ताकि रक्त संग्रहण इकाइयों का संचालन निर्धारित मानकों के अनुसार हो सके। प्रशिक्षण में जिला रक्त केंद्र के प्रभारी और प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक भी शामिल होकर पूरी व्यवस्था का समन्वय करेंगे।
राज्य स्वास्थ्य समिति ने सिविल सर्जन को सभी चयनित प्रतिभागियों की जानकारी ई-मेल और मोबाइल नंबर के साथ समिति को भेजने का निर्देश दिया है। इसके साथ ही यह सुनिश्चित करने को कहा गया है कि सभी नामित प्रतिभागी निर्धारित समय पर प्रशिक्षण में भाग लें।
इन रक्त संग्रहण इकाइयों के शुरू होने से दुर्घटना, प्रसव और गंभीर एनीमिया की स्थिति में मरीजों को समय पर रक्त मिल सकेगा। इससे जिला अस्पताल पर मरीजों की निर्भरता कम होगी और ग्रामीण क्षेत्रों में ही त्वरित आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी।