मधुबनी सदर अस्पताल में मौत के बाद बवाल, इमरजेंसी वार्ड में तोड़फोड़ और स्वास्थ्यकर्मियों से मारपीट
मधुबनी सदर अस्पताल में एक युवक की मौत के बाद परिजनों और समर्थकों ने जमकर हंगामा किया। उन्होंने इमरजेंसी वार्ड में तोड़फोड़ की और स्वास्थ्यकर्मियों व स ...और पढ़ें

घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस। जागरण
जागरण संवाददाता, मधुबनी । सदर अस्पताल मधुबनी में रविवार की शाम एक युवक को मृत घोषित किए जाने के बाद जमकर हंगामा हुआ। आक्रोशित परिजनों और उनके समर्थकों ने इमरजेंसी वार्ड में घुसकर तोड़फोड़ की, स्वास्थ्यकर्मियों और सुरक्षा गार्डों के साथ धक्का-मुक्की की तथा अस्पताल की संपत्ति को नुकसान पहुंचाया।
घटना से अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई और इलाज व्यवस्था कुछ देर के लिए बाधित हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, शहर के भौआड़ा निवासी बुधन राम के 18 वर्षीय पुत्र विक्की कुमार को रविवार की शाम करीब 4:20 बजे गंभीर हालत में सदर अस्पताल लाया गया था।
ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डा. रवि प्रकाश ने जांच के बाद युवक को मृत घोषित कर दिया। चिकित्सक ने बताया कि युवक की मौत अस्पताल पहुंचने से पहले ही हो चुकी थी।
अस्पताल प्रशासन के मुताबिक, परिजनों को मौत की सूचना देने के साथ ही उन्हें स्ट्रेचर उपलब्ध कराया गया तथा नियमानुसार नगर थाना को ओडी सूचना भेज दी गई। लेकिन करीब आधे घंटे बाद माहौल अचानक तनावपूर्ण हो गया।
आरोप है कि सदर अस्पताल रोड स्थित माइक्रो पैथ लैब कर्मी सुधीर कुमार और निजी एंबुलेंस कर्मी मोनू कुमार लगभग दर्जनों अज्ञात लोगों के साथ इमरजेंसी वार्ड में पहुंचे और हंगामा शुरू कर दिया।
देखते ही देखते इमरजेंसी वार्ड रणक्षेत्र में तब्दील हो गया। उपद्रवियों ने अस्पताल के मुख्य गेट पर लगे सीसीटीवी कैमरे को क्षतिग्रस्त कर दिया तथा अस्पताल परिसर में जमकर तोड़फोड़ की।
इस दौरान ड्यूटी पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों और स्वास्थ्यकर्मियों के साथ भी बदसलूकी की गई। घटना में सुरक्षा गार्ड पर्यवेक्षक राजेंद्र प्रसाद यादव घायल हो गए।
बताया गया कि उपद्रवियों ने उनके साथ धक्का-मुक्की करते हुए हमला किया, जिससे उनके माथे पर गंभीर चोट लगी। मारपीट के दौरान उनके कपड़े भी फाड़ दिए गए।
वहीं महिला स्वास्थ्यकर्मियों के साथ भी अभद्र व्यवहार और धक्का-मुक्की किए जाने की बात सामने आई है। अचानक हुए हंगामे से अस्पताल में भय और दहशत का माहौल बन गया।
मरीजों और उनके परिजनों में अफरा-तफरी मच गई। कई मरीज इलाज छोड़कर वार्ड से बाहर निकल आए, जबकि स्वास्थ्यकर्मी अपनी सुरक्षा को लेकर सहमे नजर आए।
सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस निरीक्षक सह नगर थानाध्यक्ष मनोज कुमार, अपर थानाध्यक्ष विनय कुमार व एसआई मनोज कुमार अन्य पुलिस पदाधिकारी सशस्त्र बल के साथ सदर अस्पताल पहुंचे। पुलिस को देखते ही उपद्रवी मौके से फरार हो गए।
इस संबंध में सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डा. राजीव रंजन ने नगर थाना में आवेदन देकर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस निरीक्षक सह नगर थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है तथा मामले की जांच की जा रही है।
घटना के बाद अस्पताल प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। स्वास्थ्यकर्मियों का कहना है कि आए दिन अस्पतालों में हो रही ऐसी घटनाओं से उनमें भय का माहौल बनता जा रहा है।