मधुबनी में भारत-नेपाल सीमा पर चला बुलडोजर, वर्षों पुराना अतिक्रमण पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई
मधुबनी के बासोपट्टी प्रखंड की महिनाथपुर पंचायत में भारत-नेपाल सीमा से सटी सड़कों पर प्रशासन ने वर्षों पुराने अतिक्रमण को हटाया। इस सख्त कार्रवाई से आव ...और पढ़ें

भारत-नेपाल सीमा से सटे बासोपट्टी प्रखंड के महिनाथपुर पंचायत अतिक्रिमण हटवाते अधिकारी। जागरण
HighLights
प्रशासन ने भारत-नेपाल सीमा पर अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कार्रवाई की।
बासोपट्टी की महिनाथपुर पंचायत में सड़कों को अतिक्रमण मुक्त किया गया।
अधिकारियों ने भविष्य में दोबारा अतिक्रमण करने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी।
संवाद सहयोगी, बासोपट्टी (मधुबनी)। भारत-नेपाल सीमा से सटे बासोपट्टी प्रखंड के महिनाथपुर पंचायत में बुधवार को प्रशासन ने अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कदम उठाया। अंचलाधिकारी विकास कुमार के नेतृत्व में सुबह से शाम तक अर्थमूवर का उपयोग कर सड़कों को अतिक्रमण मुक्त किया गया।
सीमा से सटी सड़कों पर दुकानदारों और स्थानीय लोगों द्वारा किए गए पक्के और अस्थायी निर्माण के कारण बार्डर तक आने-जाने वाले लोगों को कठिनाई का सामना करना पड़ रहा था ।
सख्ती के साथ हुई कार्रवाई
इससे पहले रविवार को अंचलाधिकारी के निर्देश पर पंचायत के मुखिया भोला साह ने अर्थमूवर चलवाया, लेकिन कुछ लोगों ने अतिक्रमण हटाने से मना कर दिया और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। इसके बाद प्रशासन ने बुधवार को सख्ती दिखाई ।
अतिक्रमण हटाओ अभियान पंचायत के वार्ड एक , दो, तीन, छह , सात, आठ और नौ में चलाया गया । इन वार्डों की सड़कों पर अतिक्रमण के कारण आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया था। ग्रामीणों की शिकायत पर प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई की।
जेसीबी की गड़गड़ाहट से पूरे इलाके में हड़कंप
इस दौरान कानून -व्यवस्था बनाए रखने के लिए बासोपट्टी थाना अध्यक्ष कार्तिक भगत, जानकीनगर एसएसबी कैंप के जवान और बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहे।
जेसीबी की गड़गड़ाहट से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। कई दुकानदार मौके पर पहुंचकर अपने सामान हटाते नजर आए।
अंचलाधिकारी विकास कुमार ने स्पष्ट किया कि सरकारी जमीन पर किसी भी स्थिति में अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा । उन्होंने चेतावनी दी कि भविष्य में यदि दोबारा अतिक्रमण पाया गया, तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन के इस कदम का स्वागत किया है। उनका कहना है कि सड़कें खाली होने से अब सीमा तक आवागमन आसान होगा और आम लोगों को राहत मिलेगी। प्रशासन की इस कार्रवाई से क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव की उम्मीद जताई जा रही है ।