Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    मधुबनी में कोर्ट कमिश्नर को ग्रामीणों ने खदेड़कर पीटा, गांव में तनाव; बड़ी संख्या में पुलिस तैनात

    Updated: Tue, 16 Jun 2026 10:23 PM (IST)

    पुलिस कोर्ट के आदेश पर बेनीपट्टी के अधवारी गांव में जमीन से कब्जा हटाने गई थी, जहां ग्रामीणों ने विरोध किया। इस दौरान एक बुजुर्ग के शरीर में आग लग गई, ...और पढ़ें

    HighLights

    1. कोर्ट के आदेश पर जमीन खाली कराने गई थी पुलिस।

    2. बुजुर्ग के शरीर में आग लगने से ग्रामीण हुए आक्रोशित।

    3. आक्रोशित भीड़ ने कोर्ट कमिश्नर को बुरी तरह पीटा।

    संवाद सहयोगी, जागरण, बेनीपट्टी (मधुबनी) । बेनीपट्टी थाने के अधवारी गांव में मंगलवार को कोर्ट के आदेश पर जमीन से कब्जा हटाने गई पुलिस को भारी विरोध का सामना करना पड़ा। इसी बीच एक पक्ष के बुजर्ग के शरीर में आग लग गई। उसके स्वजन ने विरोधी पक्ष पर आग लगाने का आरोप लगाया।

    इसके बाद बवाल बढ़ गया। आक्रोशित लोगों ने प्रशासनिक टीम को खदेड़ दिया। सिविल कोर्ट की ओर से नियुक्त कोर्ट कमिश्नर को घेरकर बुरी तरह पीटा। प्रशासन की टीम वहां से भाग खड़ी हुई।

    आग से झुलसे राजेंद्र ठाकुर (60) को अनुमंडलीय अस्पताल बेनीपट्टी लाया गया, जहां डाक्टरों ने हालत नाजुक देख सदर अस्पताल रेफर कर दिया। वहां उनका उपचार किया जा रहा है।

    madhubani news 1

    जानकारी के अनुसार, सिविल कोर्ट के जज जूनियर डिविजन मनीष रंजन की ओर से वाद संख्या 1/2024 के अंतर्गत महेंद्र यादव (डिग्रीदार) बनाम मिथिलेश ठाकुर व अन्य विवादग्रस्त जमीन का दखल देहानी (कब्जा हटाने व दखल दिलाने) का आदेश दिया था।

    madhubani news 2

    इसके लिए 16 जून की तिथि निर्धारित की थी। इसके आलोक में मंगलवार को पुलिस बल के साथ मजिस्ट्रेट सह सीओ अभिषेक आनंद व अपर थानाध्यक्ष संजय कुमार सिंह पहुंचे। दखल देहानी की बात सुनते ही विवाद शुरू हो गया। करीब तीन घंटे तक नापी और गतिरोध चलता रहा।

    इसी बीच बुजुर्ग राजेंद्र ठाकुर अपने घर में दवा खाने गए। स्वजन का आरोप है कि इसी दौरान लगभग 4.30 बजे दबंगों (विरोधी पक्ष) ने उनके शरीर में आग लगा दी। बुजुर्ग छटपटाते हुए घर से बाहर निकले। लोगों ने शरीर पर बोरी व अन्य तरीके से ढककर आग पर काबू पाया।

    खबरें और भी

    madhubani news 3

    घटना को देख आक्रोशित लोगों ने प्रशासन को खदेड़ना शुरू कर दिया। कोर्ट कमिश्नर रत्नाकर झा को घेरकर बुरी तरह पीटा। बिना दखल देहानी कराए प्रशासन के लोग भाग गए। जख्मी राजेंद्र ठाकुर की बेटी कविता देवी एवं भाभी शीला देवी ने दबंगों पर घर में घुसकर आग लगाने का आरोप लगाया है।

    madhubani news 4

    घटनास्थल पर एसडीएम शारंग पाणि पांडेय, एसडीपीओ अमित कुमार, पुलिस निरीक्षक नीरज कुमार वर्मा, थानाध्यक्ष शिव शरण साह, अपर थानाध्यक्ष संजय कुमार सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद थे।

    गांव में शांतिपूर्ण बहाली के लिए बेनीपट्टी, अड़ेर, खिरहर, मधुबनी, हरलाखी सहित पांच थाने की पुलिस को बुलाई गई। पुलिस गांव में कैंप कर रही है। एसडीएम एवं एसडीपीओ ने जख्मी बुजुर्ग के परिवार से मिलकर घटना की जानकारी ली एवं थाने में लिखित आवेदन देने को कहा।

    madhubani news 5

    क्या कहते हैं एसपी

    एसपी योगेंद्र कुमार ने बताया कि अधवारी में वार्ड पांच में न्यायालय के आदेश से अनुपालन में दखल देहानी की कार्रवाई की जा रही थी। कार्रवाई के दौरान 35 पुलिसकर्मी एवं पुलिस पदाधिकारी बेनीपट्टी के सीओ एवं न्यायालय कर्मी मौजूद थे।

    इसी दौरान राजेंद्र ठाकुर अपने घर से बाहर निकले। उस समय दूसरे पक्ष द्वारा आग लगने की बात सामने आई। पुलिसकर्मियों एवं स्थानीय लोगों के सहयोग से तत्काल आग पर काबू पाया गया। घटना के बाद कुछ ग्रामीणों ने एकत्र होकर न्यायालयकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की भी की है। पुलिस मामले में जांच कर रही है। स्थिति नियंत्रण में है।

    madhubani news 6

    क्या कहते हैं सीओ

    बेनीपट्टी के सीओ अभिषेक आनंद ने बताया कि सिविल कोर्ट बेनीपट्टी के आदेश पर अधवारी गांव में दखल देहानी कराने गया था। उसी दौरान विवाद उत्पन्न हो गया। अचानक घर से राजेंद्र ठाकुर जलते हुए बाहर निकले। इस दौरान महज दस फीट की दूरी पर वे खड़े थे।

    madhubani news 7

    लोगों को समझाने बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आक्रोशित लोगों ने मारपीट व बवाल शुरू कर दिया। न्यायालय कर्मियों के साथ भी मारपीट की गई। फिर हमलोग वहां से निकल गए। घर में बुजुर्ग को आग किसने लगाई, नहीं देखा।

    यह भी पढ़ें- दरभंगा से लापता युवती, मधुबनी में तय थी शादी, सड़क पर फूटा गुस्सा तो आवागमन ठप

    यह भी पढ़ें- एक सप्ताह की मोहलत मांग रहे थे राजेंद्र ठाकुर... गिड़गिड़ा रहा था पूरा परिवार