मधुबनी में पुलिसकर्मियों को कमरे में बंद कर जलाने की कोशिश, केरोसिन छिड़ककर हमला
मधुबनी के बेलमोहन गांव में पुलिसकर्मियों को कमरे में बंद कर केरोसिन छिड़ककर जलाने का प्रयास किया गया। एक पुलिस इंस्पेक्टर की बेटी की कथित आत्महत्या की ...और पढ़ें

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।
HighLights
पुलिसकर्मियों को कमरे में बंद कर जलाने का प्रयास।
केरोसिन छिड़ककर हमला, भारी पुलिस बल ने बचाया।
दो आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी।
संवाद सहयोगी, फुलपरास (मधुबनी) । बिहार में मधुबनी जिले के बेलमोहन गांव में किरोसिन तेल छिड़ककर पुलिस कर्मियों को जलाने का प्रयास किया गया। घटना सोमवार रात की है। पुलिस पर हमला भी किया गया।
गनीमत रही कि पुलिस कर्मियों को कमरे में बन्द करने की सूचना पर मौके पर भारी संख्या में पुलिस पहुंच गई जिससे बड़ी घटना टाल गई। करीब आधा घंटा तक कमरे में बंद रखा गया। पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
मामले को लेकर एसआई रत्नेश्वर चौधरी की रिपोर्ट पर पुलिस पर हमला एवं कमरे में बंदकर किरोसिन तेल छिड़ककर जलाने के प्रयास में आठ नामजद एवं पांच अज्ञात के विरुद्ध केस दर्ज किया गया है।
जानकारी के मुताबिक झंझारपुर प्रखंड क्षेत्र के रैमा गांव निवासी व जिला मुख्यालय में पुलिस इंस्पेक्टर के पद पर कार्यरत ललन पासवान को अपनी बेटी के ससुराल (बेलमोहन) से सोमवार शाम कॉल गया कि आपकी बेटी ने आत्महत्या कर ली है।
ललन पासवान ने इसकी सूचना स्थानीय थाना को दी। सत्यापन के लिए स्थानीय थाना पुलिस बेलमोहन गांव गई तो पुलिस टीम, जिसमें चौकीदार समेत आठ कर्मी थे, पर हमला कर दिया गया। पुलिस टीम को एक कमरे में बन्द कर दिया गया।
प्राथमिकी के अनुसार किरोसिन छिड़ककर आग लगाने का कोशिश की गई। जिसकी भनक स्थानीय चौकीदार को लग गयी। वह किसी तरह आरोपियों को चकमा देकर भाग गया और घटना की जानकारी थानेदार को दी।
हालांकि इसी दौरान पुलिस निरीक्षक ललन पासवान भी घटनास्थल पर पहुंच गए, जिसपर आरोपी उनसे उलझ गए। तब तक फुलपरास थाना सहित भारी संख्या में दूसरे थानों की पुलिस भी पहुंच गयी।
भारी पुलिस बल को देखते ही रात में अंधेरा का फायदा उठाकर आरोपी भागने में लगे लेकिन पुलिस ने मौके से आरोपी राजाराम पासवान एवं गंगाराम पासवान को गिरफ्तार कर लिया। सोमवार देर रात को पुलिस की मौजूदगी में रैमा निवासी ललन पासवान अपनी पुत्री को लेकर चले गए।
खबरें और भी
मालूम हो कि फुलपरास थाना क्षेत्र के बेलमोहन निवासी बिजली विभाग में कार्यरत रहे श्याम पासवान के पुत्र जो कि बिहार पुलिस में कार्यरत है राजेश पासवान की शादी झंझारपुर प्रखंड के रैमा निवासी पुलिस निरीक्षक ललन पासवान की पुत्री से लगभग दो वर्ष पूर्व हुई थी।
ग्रामीणों के मुताबिक शादी कुछ दिन बाद से ही सबकुछ ठीक नहीं चल रहा था। कुछ दिन पूर्व ललन पासवान अपनी पुत्री को ले जाने के लिए आए लेकिन ससुराल पक्ष के लोगों ने नहीं जाने दिया।
इधर सोमवार देर रात करीब 9 बजे रैमा निवासी पुलिस निरीक्षक ललन पासवान को बेटी के ससुराल से कॉल गया कि आपकी बेटी ने आत्महत्या कर ली है। हमलोगों को नहीं फसाइयेगा। जिसकी सूचना पर पुलिस पहुंची थी।
उल्लेखनीय हो कि ललन पासवान के दामाद राजेश पासवान एवं रंजन पासवान अपने पिताजी श्याम पासवान की दूसरी पत्नी के पुत्र हैं कि जेल भेजे गए गंगाराम पासवान एवं राजाराम पासवान पहली पत्नी के पुत्र हैं।
प्रभारी थानाध्यक्ष निरंजन कुमार ने पुलिस टीम को कमरे में बंद कर किरोसिन छिड़कने की बात स्वीकार करते हुए कहा कि केस दर्ज कर दो लोगों को गिरफ्तार करके जेल भेजा गया है। अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी को लेकर लगातार छापेमारी की जा रही है।