मधुबनी में बीच सड़क पर पुलिस की चेकिंग से भड़के ग्रामीण, देर रात गांव में हुई पुलिस और पब्लिक के बीच झड़प
घोघरडीहा थाना पुलिस की देर रात सड़क पर वाहन चेकिंग के दौरान एक कार चालक अपने गांव सरौती भाग गया। पुलिस पीछा करते हुए गांव पहुंची, जहां ग्रामीणों और पु ...और पढ़ें

एआई जेनरेटेड तस्वीर
HighLights
घोघरडीहा पुलिस की वाहन चेकिंग पर ग्रामीण भड़के।
सरौती गांव में पुलिस और ग्रामीणों के बीच झड़प हुई।
पुलिस पर शराब पीने, पैसे मांगने के आरोप लगे।
संवाद सहयोगी, घोघरडीहा। इन दिनों घोघरडीहा थाना पुलिस की कारगुजारी चर्चा बटोर रही है। ताजा मामला मंगलवार देर रात का है। जहां बीच सड़क पर जांच के लिए पुलिस ने गाड़ी रोकी तो कार सवार भागकर अपने गांव सरौती चला गये। पीछा करते हुए पुलिस भी उसके घर तक पहुंच गई और इस दौरान ग्रामीण और पुलिस के बीच झड़प होने की जानकारी मिली है।
पुलिस पर हमला किए जाने की भी चर्चा है जिससे पुलिस इनकार नहीं कर रही है। पुलिस कहती है कि सारा प्रकरण जांच के दायरे में है।
चालक गाड़ी लेकर अपने घर चला गया
जानकारी के मुताबिक मंगलवार देर रात करीब एक बजे घोघरडीहा पुलिस नरहिया कुपहा पथ पर सरौती गांव के रामजानकी मंदिर के समीप एक कार को रुकने का इशारा करती है लेकिन कार नहीं रुकती है। चालक गाड़ी लेकर अपने घर चला जाता है।
पुलिस ने उसके घर पर पहुंचकर गाड़ी चेक किया लेकिन उन्हें कुछ नहीं मिला। ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस कुछ ले देकर मामला रफा-दफा करने को कह रही थी, जिसका विरोध परिजनों ने किया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पुलिस ने पिटाई की। हो-हल्ला होने पर अन्य ग्रामीण भी वहां पहुंच गए।
पुलिस पर दारू पीने का आरोप
ग्रामीणों ने पुलिस पर दारू पीने का आरोप लगाया तो पुलिस पदाधिकारी डीके चौधरी सहित तीन लोग वहां से जान बचाकर भागने का प्रयास करने लगे। कहा जा रहा है कि ग्रामीणों ने भी पिटाई कर दी फिर किसी तरह वे तीनों अपनी जान बचाकर भागने में सफल रहे। लेकिन तीन चौकीदार वहीं रह गए।
खबरें और भी
तीनों चौकीदार को आक्रोशित लोगों से बचाकर एक जनप्रतिनिधि ने अपने घर ले गए। थाना पुलिस को फोन किया और थानाध्यक्ष देर रात सरौती गांव पहुंचे और तीनों चौकीदार को ले लाए। पुनः गुरुवार को दिन में भी थानाध्यक्ष सहित पुलिस टीम सरौती गांव गई थी।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा वीडियो
मामले को लेकर इंटरनेट मीडिया पर एक वीडियो भी प्रसारित हो रहा है, जिसमें पुलिस पर दारू पीने का आरोप लगाया जा रहा है। प्रसारित वीडियो की पुष्टि दैनिक जागरण नहीं करता है।
इधर ग्रामीण सूत्रों का कहना है कि उक्त पथ पर पुलिस रात में शराब पीने एवं बेचने वालों से कथित तौर पर पैसा वसूल करती है। उक्त कार सवार पर भी कथित तौर पर शराब बेचने में संलिप्तता की चर्चा है।
जांच के बाद आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई
इस संबंध में थानाध्यक्ष शुभम कुमार ने पुलिस पर शराब पीने के आरोप के बाबत कहा जांच करवाए, जिसमें शराब पीने की पुष्टि नहीं हुई। आगे मारपीट के बाबत कहा कि ऐसी कुछ बातें सामने आ रही हैं, जांच की जा रही है। पुलिस निरीक्षक राजकपूर कुशवाहा ने कहा गंभीर आरोप है। जांचोपरांत दोषी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
डीएसपी अमित कुमार ने पुलिस के साथ झड़प होने की पुष्टि करते हुए कहा कि शराब से लदी गाड़ी गुजरने की शिकायत थी, जिसके आलोक में पुलिस टीम गई थी। चिह्नित कर दोषी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।