Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    मधुबनी में अवैध बालू माफिया का दुस्साहस, थानाध्यक्ष पर चढ़ा दिया ट्रैक्टर, दो गिरफ्तार

    By Braj mohan mishraEdited By: Dharmendra Singh
    Updated: Tue, 04 Aug 2026 04:55 PM (IST)

    मधुबनी के मधेपुर में अवैध बालू खनन रोकने गई पुलिस टीम पर ट्रैक्टर चढ़ाने का प्रयास किया गया, जिसमें थानाध्यक्ष विश्वजीत कुमार घायल हो गए। पुलिस ने त्व ...और पढ़ें

    मधुबनी में पुलिस की गिरफ्त में आरोपित। जागरण

    मधुबनी में पुलिस की गिरफ्त में आरोपित। जागरण

    जागरण संवाददाता, मधुबनी। मधुबनी के मधेपुर में अवैध बालू खनन रोकने पहुंची पुलिस टीम पर ही ट्रैक्टर चढ़ाने का सनसनीखेज प्रयास किया गया। इस दौरान थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर विश्वजीत कुमार के पैर पर ट्रैक्टर का चक्का चढ़ गया, जबकि पीएसआई प्रिंस कुमार भी बाल-बाल बच गए। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

    सोमवारी ड्यूटी के दौरान हुआ हमला

    सोमवार शाम श्रावण माह की पहली सोमवारी को लेकर विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए मधेपुर थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर विश्वजीत कुमार पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे।

    इसी दौरान कोसी बांध पर भूतही बलान नदी में एक ट्रैक्टर से अवैध रूप से बालू लोड किए जाने की सूचना मिली। पुलिस मौके पर पहुंची तो मजदूर कुदाल छोड़कर भाग निकले।

    थानाध्यक्ष के पैर पर चढ़ा ट्रैक्टर का चक्का

    पुलिस ने ट्रैक्टर चालक को रोकने की कोशिश की, लेकिन चालक महमूद आलम ने वाहन रोकने के बजाय उसे आगे बढ़ा दिया। खुद को बचाने के प्रयास में थानाध्यक्ष का संतुलन बिगड़ गया और ट्रैक्टर का अगला चक्का उनके बाएं पैर के पंजे पर चढ़ गया। इस घटना में वे घायल हो गए।

    पीएसआई को भी धक्का मारने की कोशिश

    चालक को पकड़ने के लिए आगे बढ़े पीएसआई प्रिंस कुमार को भी ट्रैक्टर के ढाले से धक्का मारकर कुचलने का प्रयास किया गया। हालांकि उन्हें मामूली चोट आई। पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए चालक को मौके पर ही काबू में कर लिया।

    ट्रैक्टर छुड़ाने पहुंचे परिजन, फिर हुए फरार

    पुलिस जब जब्त ट्रैक्टर लेकर थाना लौट रही थी, तभी आरोपी के तीनों बेटे और कुछ अन्य लोग रास्ते में पहुंच गए। उन्होंने ट्रैक्टर और चालक को पुलिस अभिरक्षा से छुड़ाने का प्रयास किया। अतिरिक्त पुलिस बल और सरकारी वाहन आते देख सभी मौके से फरार हो गए।

    खबरें और भी

    दो आरोपी गिरफ्तार, कई नामजद

    थानाध्यक्ष की शिकायत पर महमूद आलम, उनके पुत्र मो. अजीज, मो. आरिफ, अली हसन तथा अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने महमूद आलम और उनके पुत्र अली हसन को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी जारी है।

    अवैध बालू खनन पर पुलिस की सख्ती

    पुलिस का कहना है कि अवैध बालू खनन और सरकारी कार्य में बाधा डालने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। घटना के बाद मधेपुर क्षेत्र में सनसनी का माहौल है और पुलिस सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त कर रही है।