मधुबनी में चौकाने वाली घटना, मुखिया से शिकायत करने गई महिला की पिटाई के बाद मौत
मधुबनी के घोघरडीहा में मुखिया से शिकायत करने गई एक महिला, रौशन खातून, की पिटाई के बाद इलाज के दौरान पीएमसीएच पटना में मौत हो गई। 25 फरवरी को मुखिया कु ...और पढ़ें

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।
संवाद सहयोगी, घोघरडीहा (मधुबनी) । मुखिया से फरियाद करना एक महिला को महंगा पड़ा। पहले तो उसकी पिटाई की गई लेकिन अब उसकी जान चली गई है। उसकी मौत पिटाई से घायलावस्था में इलाज के दौरान पीएमसीएच पटना में रविवार को हुई है।
इसकी पुष्टि मृतका के पति मो शहाबुद्दीन ने की है। घटना के बारे में बताया जा रहा है कि घोघरडीहा थाना क्षेत्र के अमही निवासी मो शहाबुद्दीन की 38 वर्षीय पत्नी रौशन खातुन 25 फरवरी को किसी फरियाद को लेकर अमही पंचायत की मुखिया कुमारी देवी के दलान पर गई थी।
जहां मुखिया पुत्र मंगनु सिंह से उसकी कहासुनी हुई, इसी तैश में आकर मुखिया के दलान पर आकर बैठे कुछ लोगों ने उनके साथ मारपीट की और जख्मी कर दिया। पुलिस को फोन कर दिया।
जब पुलिस वहां पहुंची तो महिला को उठाकर थाना ले गई और चार-पांच घंटा के बाद पीआर बांड बनाकर उसे छोड़ दिया गया। जबकि नियमानुकूल पुलिस को चाहिए था कि दोनों पक्षों का मेडिकल करवाकर प्राथमिकी दर्ज करे, चूंकि महिला के साथ मारपीट हुई थी।
पुलिस ने अपने कर्तव्य का निर्वहन नहीं किया। थाना से छोड़ने के बाद पिटाई से जब उसकी हालत खराब हुई तो घोघरडीहा प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र, अनुमंडलीय अस्पताल फुलपरास, डीएमसीएच एवं पटना के एक निजी अस्पताल में गई और अंत में इलाज के दौरान रविवार को पीएमसीएच में उसकी मौत हो गई।
खबरें और भी
इस संबंध में मृतका के देवर मो रुस्तम ने शनिवार रात को स्थानीय थाना में प्राथमिकी के लिए आवेदन दिया है। फुलपरसा डीएसपी अमित कुमार कहते हैं कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
हालांकि डीएसपी पुलिस के रवैये पर कुछ भी स्पष्ट बोलने से मना करते हैं। वे थाना पर पंचायत होने की बात करते हैं। ग्रामीण सूत्रों के मुताबिक 25 फरवरी सुबह तकरीबन नौ बजे अमही निवासी मो शहाबुद्दीन की पत्नी रौशन खातुन किसी बात को लेकर मुखिया कुमारी देवी के दलान पर गई, जहां वे मुखिया पुत्र मंगनु सिंह पर लाठी चला दी, जिसके बाद वहां उपस्थित लोगों ने उक्त महिला की पिटाई कर जख्मी कर दिया।
इधर शनिवार रात को रौशन खातुन के देवर मो रुस्तम ने आवेदन देकर मुखिया कुमारी देवी, मुखिया पुत्र मंगनु सिंह सहित 17 लोगों को नामजद अभियुक्त बनाया है।
आवेदन में कहा है कि 25 फरवरी को अपने काम को लेकर मेरी भाभी रौशन खातुन मुखिया के दलान पर गईं तो मुखिया तैश में आकर अपने लोगों के माध्यम से मारपीट कर जख्मी कर दिया और रस्सी से बांधकर बंदी बना लिया।
इलाज के लिए पीएमसीएच में हूं, जहां वे जिंदगी और मौत के बीच जूझ रही हैं। इधर मृतका के पति मो. शहाबुद्दीन ने दूरभाष पर पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि घटना के बाद पुलिस हमलोगों की बात नहीं सुनी।
गाली-गलौज की एवं मारपीट करते हुए हमलोगों को थाना पर लाया गया। यदि पुलिस अपने कर्तव्य का पालन करते हुए सतर्कता बरती तो समय पर महिला का इलाज करवाकर जान बचाया जा सकता था।
परिजन के आरोप के बाबत थानाध्यक्ष शुभम कुमार से पक्ष लेने का प्रयास विफल रहा चूंकि उन्होंने कहा अभी सर के पास हूं। बाद में बात करता हूं।
डीएसपी अमित कुमार ने कहा घटना के मुख्य अभियुक्त मंगनु सिंह को हिरासत में लिया गया है। आरोप के बाबत जांच करने की बात कही।