मधुबनी में स्कूल हॉस्टल में 12 वर्षीय छात्र की संदिग्ध स्थिति में मौत, संचालक फरार
मधुबनी जिले के मधेपुर क्षेत्र में एक स्कूल हॉस्टल में 12 वर्षीय छात्र विकेश कुमार महतो की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। परिजनों ने स्कूल संचा ...और पढ़ें

HighLights
मधुबनी हॉस्टल में 12 वर्षीय छात्र की संदिग्ध मौत।
परिजनों ने स्कूल संचालक पर हत्या का आरोप लगाया।
पुलिस और फॉरेंसिक टीम मामले की जांच कर रही है।
जागरण संवाददाता, मधुबनी। Madhubani Student Death: जिले में एक स्कूल हॉस्टल में रह रहे 12 वर्षीय छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई है। घटना मधेपुर क्षेत्र की है, जहां बच्चे की मौत के बाद परिजनों ने गंभीर आरोप लगाए हैं।
हॉस्टल में रह रहा था छात्र
मृतक की पहचान विकेश कुमार महतो के रूप में हुई है, जो लक्ष्मीपुर चौक के पास स्थित ज्ञान ज्योति पब्लिक स्कूल के हॉस्टल में रहकर पढ़ाई करता था।
डॉक्टर ने किया मृत घोषित
शनिवार को दिन के करीब 11 बजे स्कूल प्रबंधन के कुछ लोग बच्चे को स्थानीय पीएचसी लेकर पहुंचे, जहां ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर अंजूम हाशमी ने उसे मृत घोषित कर दिया।
परिजनों का गंभीर आरोप
घटना की सूचना मिलते ही भेजा थाना क्षेत्र के बकुआ पंचायत स्थित सुंदरी गांव से परिजन अस्पताल पहुंचे। परिजनों ने स्कूल संचालक पर बच्चे की पिटाई कर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, ताकि मौत के सही कारणों का पता चल सके।
जांच में जुटी पुलिस और एसएफएल टीम
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीपीओ और एसएफएल (फॉरेंसिक टीम) मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गए हैं। वहीं, घटना के बाद से स्कूल संचालक फरार बताया जा रहा है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा और उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।