Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    मधुबनी में सिंगर निधि राज के ससुर की करंट लगने से मौत, बोलीं-आवेदन के बाद भी नहीं बदला जर्जर तार

    Updated: Fri, 17 Jul 2026 09:24 PM (IST)

    मधुबनी के पंडौल में खेत की सिंचाई के दौरान करंट लगने से 52 वर्षीय किसान दिलीप कुमार चौधरी की मौत हो गई। सिंगर निधि राज ने बिजली विभाग पर जर्जर तार न ब ...और पढ़ें

    मृतक के घर पर जुटे स्थानीय लोग। सौ. पंचायत सूत्र

    मृतक के घर पर जुटे स्थानीय लोग। सौ. पंचायत सूत्र 

    HighLights

    1. मधुबनी में खेत में सिंचाई करते किसान की करंट से मौत।

    2. मृतक सिंगर निधि राज के ससुर, विभाग पर लापरवाही का आरोप।

    3. जर्जर तार बदलने की शिकायतें अनसुनी, टल सकती थी दुर्घटना।

    संवाद सहयोगी, पंडौल (मधुबनी) । पंडौल थाना क्षेत्र की श्रीपुर हाटी उत्तरी पंचायत के वार्ड 11 स्थित शाहपुर चौधरी टोला में खेत की सिंचाई के दौरान करंट लगने से 52 वर्षीय किसान दिलीप कुमार चौधरी की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में मातम पसर गया। स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है।

    मीटर और मोटर के बीच शार्ट सर्किट

    स्वजन के अनुसार, दिलीप कुमार चौधरी कृषि कार्य के लिए बोरिंग के पास गए थे। इसी दौरान मीटर और मोटर के बीच शार्ट सर्किट हो गया। बिजली की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गए। घटना के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे।

    बांस-बल्ले से तार हटाकर बंद किया करंट

    ग्रामीणों ने बांस-बल्ले की मदद से बिजली के तार को अलग किया और विद्युत प्रवाह बंद कराया। इसके बाद गंभीर रूप से झुलसे किसान को तत्काल सदर अस्पताल, मधुबनी ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

    पोस्टमार्टम के बाद स्वजन को सौंपा शव

    नगर थाना पुलिस ने सदर अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराया। पंडौल थानाध्यक्ष शिल्पी कुमारी ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव स्वजन को सौंप दिया गया है। स्वजन ने बताया कि बड़े पुत्र रजनीश के गांव पहुंचने के बाद किसान का अंतिम संस्कार किया जाएगा।

    खबरें और भी

    सिंगर निधि राज ने विभाग पर उठाए सवाल

    घटना के बाद बिहार की सिंगर निधि राज ने बिजली विभाग पर गंभीर आरोप लगाए हैं। दिलीप कुमार चौधरी उनके ससुर बताए जा रहे हैं। निधि राज ने कहा कि खेत से गुजर रहे जर्जर बिजली तार को बदलने के लिए पिछले एक वर्ष में कई बार बिजली विभाग को आवेदन दिया गया था। इसके बावजूद तार नहीं बदला गया।

    आवेदन के बाद भी नहीं बदला जर्जर तार

    निधि राज का आरोप है कि यदि समय रहते बिजली विभाग ने जर्जर तार को बदल दिया होता तो यह हादसा टल सकता था। उन्होंने विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि शिकायत और आवेदन के बावजूद कार्रवाई नहीं की गई। अब जर्जर तार की वजह से एक किसान की जान चली गई है।