Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    अजगैबीनाथ धाम एयरपोर्ट: भागलपुर से ज्यादा मुंगेर की जाएगी जमीन, किसानों को मिलेगा 1329 करोड़ का मुआवजा

    Updated: Thu, 16 Jul 2026 05:32 PM (GMT+05:30)

    अजगैबीनाथ धाम ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट के लिए मुंगेर और भागलपुर में 3145 एकड़ से अधिक भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया तेज हो गई है। इस परियोजना से पूर्वी बिहार ...और पढ़ें

    अजगैबीनाथ धाम एयरपोर्ट परियोजना: मुंगेर और भागलपुर में भूमि अधिग्रहण में तेजी (AI Generated Image)

    अजगैबीनाथ धाम एयरपोर्ट परियोजना: मुंगेर और भागलपुर में भूमि अधिग्रहण में तेजी (AI Generated Image)

    timer icon

    समय कम है?

    जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

    संक्षेप में पढ़ें

    मनीष कुमार, मुंगेर। अजगैबीनाथ धाम ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट के निर्माण की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। नागरिक उड्डयन विभाग की ओर से जारी संशोधित प्रशासनिक स्वीकृति के अनुसार, एयरपोर्ट परियोजना के लिए मुंगेर जिले में 1720.1160 एकड़ तथा भागलपुर जिले में 1425.1148 एकड़ भूमि अधिग्रहित की जाएगी।

    दोनों जिलों को मिलाकर परियोजना का कुल क्षेत्रफल 3145.2308 एकड़ होगा। मुंगेर जिले के असरगंज अंचल के अमैया, ढोलपहाड़ी मिलिक, ढोलपहाड़ी माल, चौरगांव, पुरुषोत्तमपुर-सतघरिया और सजुआ समेत बरियारपुर अंचल की भी कई जमीनें परियोजना के दायरे में लाई गई हैं। संशोधित दरों के आधार पर ही किसानों को मुआवजा दिया जाएगा।

    भूमि की सरकारी दरों के अनुसार ढोलपहाड़ी में व्यावसायिक भूमि का मूल्य 92,800 रुपये प्रति डिसमिल, चौरगांव और सजुआ में 1.40 लाख रुपये प्रति डिसमिल, जबकि पुरुषोत्तमपुर-सतघरिया में 89,600 रुपये प्रति डिसमिल निर्धारित किया गया है।

    आवासीय भूमि की सरकारी दर 51,200 से 74,700 रुपये प्रति डिसमिल के बीच तय की गई है। वहीं, प्रथम श्रेणी कृषि भूमि का मूल्य 10,720 से 11,200 रुपये तथा द्वितीय श्रेणी कृषि भूमि का मूल्य 9,440 से 9,920 रुपये प्रति डिसमिल निर्धारित किया गया है।

    C-483-1-BHL1110-423161

    1329 करोड़ से अधिक मुआवजा, कई जिलों को मिलेगा फायदा

    नागरिक उड्डयन विभाग के अनुसार, इस महत्वाकांक्षी परियोजना में भूमि अधिग्रहण पर ही करीब 1329.58 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। एयरपोर्ट बनने से सिर्फ मुंगेर और भागलपुर ही नहीं, बल्कि बांका, खगड़िया, लखीसराय बेगूसराय और जमुई जिले भी सीधे तौर पर लाभान्वित होंगे।

    खबरें और भी

    सरकार की योजना एयरपोर्ट के साथ आधुनिक एयरोसिटी विकसित करने की है, जिससे धार्मिक पर्यटन, व्यापार, उद्योग और निवेश को नई गति मिलेगी। विश्व प्रसिद्ध अजगैबीनाथ धाम और श्रावणी मेले में आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को भी बेहतर हवाई सुविधा उपलब्ध होगी।

    1025 एकड़ में बनेगा रनवे और टर्मिनल

    परियोजना के तहत अधिग्रहित कुल 3145.2308 एकड़ भूमि में लगभग 1025 एकड़ क्षेत्र में रनवे, टर्मिनल भवन, टैक्सी-वे और एयरसाइड डेवलपमेंट का कार्य किया जाएगा।

    शेष भूमि को सुरक्षा क्षेत्र, संपर्क सड़क, हरित पट्टी, जल निकासी व्यवस्था, भविष्य के विस्तार और अन्य सहायक ढांचों के लिए सुरक्षित रखा जाएगा।

    प्रस्तावित एयरोसिटी में लॉजिस्टिक्स हब, वेयरहाउसिंग, होटल, एमआरओ (मेंटेनेंस, रिपेयर एंड ओवरहाल) केंद्र, व्यावसायिक परिसर समेत आधुनिक सुविधाएं विकसित करने की योजना है।

    सरकार को उम्मीद है कि यह परियोजना पूर्वी बिहार के आर्थिक विकास का नया इंजन बनेगी और हजारों लोगों के लिए प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर सृजित करेगी।

    महत्वपूर्ण बातें-

    • कुल अधिग्रहित भूमि : 3145.2308 एकड़
    • मुंगेर जिले में : 1720.1160 एकड़
    • भागलपुर जिले में : 1425.1148 एकड़
    • अनुमानित मुआवजा : 1329.58 करोड़
    • एयरसाइड डेवलपमेंट व एयरोसिटी : लगभग 1025 एकड़