विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मुंगेर-भागलपुर के यात्रियों को सौगात, अब सीधे अहमदाबाद तक दौड़ेगी अमृत भारत एक्सप्रेस; चेक करें शेड्यूल

Updated: Wed, 19 Aug 2026 04:49 PM (IST)

अहमदाबाद-पटना अमृत भारत एक्सप्रेस का विस्तार अब भागलपुर तक हो गया है, जिससे मुंगेर सहित आसपास के जिलों को अहमदाबाद के लिए सीधी रेल सेवा मिलेगी।

अमृत भारत एक्सप्रेस से मुंगेर-अहमदाबाद सीधी रेल सेवा शुरू, व्यापार को मिलेगा बढ़ावा

अमृत भारत एक्सप्रेस से मुंगेर-अहमदाबाद सीधी रेल सेवा शुरू, व्यापार को मिलेगा बढ़ावा

HighLights

  1. अमृत भारत एक्सप्रेस का भागलपुर तक हुआ विस्तार।

  2. मुंगेर को अहमदाबाद के लिए सीधी रेल सेवा।

  3. क्षेत्र की अर्थव्यवस्था और व्यापार को मिलेगा बढ़ावा।

जागरण संवाददाता, मुंगेर। जिले के रेल यात्रियों के लिए खास खबर है। इस माह मुंगेर के लोगों को अहमदाबाद तक सीधी रेल सेवा का लाभ मिलने वाला है। अहमदाबाद-पटना के बीच प्रस्तावित साप्ताहिक अमृत भारत एक्सप्रेस का विस्तार भागलपुर तक कर दिया गया है। पश्चिम रेलवे की ओर से टाइम टेबल और परिचालन संबंधी रिपोर्ट भेजे दी गई है।

इस बहुप्रतीक्षित सुविधा के जल्द शुरू होने की उम्मीद बढ़ गई है। ट्रेन के भागलपुर तक विस्तार होने से भागलपुर, मुंगेर और लखीसराय जिले के हजारों यात्रियों और व्यापारियों को सीधा लाभ मिलेगा।

अभी अहमदाबाद जाने वाले यात्रियों को पटना या अन्य बड़े स्टेशनों से ट्रेन पकड़नी पड़ती है। नई सेवा शुरू होने के बाद सफर अधिक आसान, सुविधाजनक और समय की बचत करने वाला होगा।

अहमदाबाद से प्रत्येक बुधवार शाम 6:30 बजे रवाना होकर शुक्रवार सुबह 6:40 बजे भागलपुर पहुंचेगी। वहीं, भागलपुर से प्रत्येक शुक्रवार शाम 4:45 बजे प्रस्थान कर रविवार सुबह 5:25 बजे अहमदाबाद पहुंचेगी।

भागलपुर से चलने के बाद ट्रेन सुल्तानगंज, जमालपुर, अभयपुर और किऊल, मोकामा, बख्तियारपुर में ठहराव के बाद पटना पहुंचेगी।

इसके बाद पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, सूबेदारगंज, गोविंदपुरी, टुंडला, आगरा ईदगाह, बयाना, हिंडौन सिटी, गंगापुर सिटी, सवाई माधोपुर, कोटा, रामगंज मंडी, भवानी मंडी, रतलाम, दाहोद, गोधरा, छायापुरी, आनंद तथा नागदा होते हुए अहमदाबाद पहुंचेगी। अहमदाबाद से भागलपुर के बीच की 1976 किमी की दूरी 36 घंटे 10 मिनट में तय करेगी।

रेल मानचित्र पर मजबूत होगी पहचान

अमृत भारत एक्सप्रेस के विस्तार से मुंगेर और आसपास के जिलों की रेल कनेक्टिविटी और मजबूत होगी। आधुनिक सुविधाओं से युक्त यह ट्रेन यात्रियों को बेहतर यात्रा अनुभव प्रदान करेगी। लंबे समय से अहमदाबाद के लिए सीधी ट्रेन की प्रतीक्षा कर रहे लोगों का सपना अब साकार होने के करीब पहुंच गया है।

नागरिक उड्डयन मंत्रालय के पूर्व सदस्य आशुतोष कुमार ने बताया कि पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक ने विस्तार का पूरा डायग्राम टाइम टेबल भेज दिया है।

  • 19423 अहमदाबाद-भागलपुर अमृत भारत एक्सप्रेस का नियमित परिचालन 26 अगस्त से प्रत्येक बुधवार को अहमदाबाद से होगा।
  • वापसी में ट्रेन संख्या 19424 भागलपुर-अहमदाबाद अमृत भारत एक्सप्रेस 28 अगस्त 2026 से प्रत्येक शुक्रवार को भागलपुर से चलेगी। ट्रेन का परिचालन साप्ताहिक होगा।

केंद्रीय मंत्री की पहल से भागलपुर तक विस्तार

पहले इस ट्रेन को अहमदाबाद से पटना के बीच चलना था। इसके भागलपुर तक के विस्तार पर तकनीकी दिक्कतें आ गई थी। भागलपुर तक विस्तार में मुंगेर सांसद सह केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह की पहल महत्वपूर्ण है।

उन्होंने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से लोकसभा में मुलाकात कर भागलपुर तक ट्रेन विस्तार के लिए आग्रह किया था। इस पहल के बाद रेलवे ने विस्तृत टाइम टेबल और परिचालन रिपोर्ट रेलवे बोर्ड को भेज दी है। इससे लोगों की उम्मीदें और बढ़ गई हैं कि जल्द ही इस ट्रेन को अंतिम स्वीकृति मिल जाएगी।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि यह ट्रेन केवल यात्रियों की सुविधा तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को भी नई मजबूती देगी। अहमदाबाद देश का प्रमुख औद्योगिक और व्यापारिक केंद्र है। सीधी रेल सेवा मिलने से व्यवसायियों, छोटे उद्यमियों, विद्यार्थियों और नौकरीपेशा लोगों की आवाजाही आसान होगी।

व्यापारिक गतिविधियों में वृद्धि होने से स्थानीय कारोबार को नई गति मिलेगी। साथ ही रोजगार और निवेश की संभावनाएं भी बढ़ेंगी। केंद्रीय मंत्री ने कहा है कि इस ट्रेन के परिचालन से व्यापार को नई ऊंचाई मिलेगी और क्षेत्र के विकास को बल मिलेगा।

यह भी पढ़ें- पाटलिपुत्र-पूर्णिया कोर्ट नई नाइट ट्रेन का बनमनखी में स्वागत; ब‍िहार सीमांचल के यात्रियों को मिली बड़ी सुविधा

यह भी पढ़ें- उत्तर बिहार से सीमांचल का सफर हुआ आसान, हफ्ते में 5 दिन दौड़ेगी पाटलिपुत्र-पूर्णिया कोर्ट स्पेशल ट्रेन