बिहार में उद्घाटन से पहले ही दरक गई ₹3792 करोड़ की फोरलेन सड़क, NHAI ने गठित की जांच टीम
बिहार में 3792 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे मुंगेर-मिर्जाचौकी फोरलेन में उद्घाटन से पहले ही दरार आ गई है, जिससे निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठ गए हैं ...और पढ़ें
HighLights
मुंगेर-मिर्जाचौकी फोरलेन में उद्घाटन से पहले 40 मीटर दरार मिली।
NHAI ने निर्माण गुणवत्ता जांच के लिए तत्काल टीम भेजी।
श्रावणी मेला से पहले सड़क की स्थिति पर चिंता बढ़ी।
संवाद सहयोगी, मुंगेर। लगभग 3792 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे 125 किमी मुंगेर-मिर्जाचौकी फोरलेन पर उद्घाटन से पहले ही सवाल खड़े हो गए हैं। भागलपुर जिले के गनगनिया के समीप निर्माणाधीन फोरलेन की डाउन लाइन (मुंगेर-भागलपुर लेन) में करीब 40 मीटर लंबाई तक दो इंच चौड़ी दरार मिलने से निर्माण की गुणवत्ता कटघरे में आ गई है।
मामला सामने आते ही भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के अधिकारियों में हड़कंप मच गया। परियोजना निदेशक ने तत्काल जांच टीम गठित कर मौके पर भेज दी है।
NHAI के परियोजना निदेशक मनीष कुमार ने बताया कि फोरलेन का निर्माण कार्य अभी जारी है। प्रारंभिक सूचना के अनुसार सड़क के सबग्रेड वर्क में दरार दिखाई दी है।
उन्होंने कहा कि बिटुमिन सटलमेंट के दौरान भी इस तरह की स्थिति बन सकती है। हालांकि यदि जांच में कोई गंभीर तकनीकी खामी सामने आती है, तो केवल मरम्मत नहीं, बल्कि संबंधित हिस्से को तोड़कर दोबारा बनाया जाएगा। फिलहाल जांच रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
श्रावणी मेला में यात्रियों को सकती है परेशानी
इस फोरलेन का निर्माण मांटी कार्लो एजेंसी NHAI की निगरानी में कर रही है। मुख्यमंत्री ने श्रावणी मेला शुरू होने से पहले सड़क तैयार करने का निर्देश दिया था। इसी वजह से पिछले कुछ दिनों से निर्माण कार्य युद्धस्तर पर चल रहा था, लेकिन उद्घाटन से पहले ही सड़क में दरार पड़ने से निर्माण एजेंसी की कार्यशैली और गुणवत्ता नियंत्रण पर सवाल उठने लगे हैं।
श्रावणी मेला शुरू होने में अब महज 17 दिन शेष हैं। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और वाहनों का दबाव इसी मार्ग पर रहने की संभावना है। ऐसे समय में सड़क की गुणवत्ता पर उठे सवाल प्रशासन और एनएचएआई दोनों के लिए चिंता का विषय बन गए हैं। यदि समय रहते समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ तो, मेले के दौरान यातायात व्यवस्था प्रभावित हो सकती है।
खबरें और भी
इधर, सोमवार को गनगनिया के पास सड़क में दरार मिलने के बावजूद वाहनों का परिचालन सामान्य रूप से जारी रहा। हालांकि स्थानीय लोगों का कहना है कि करोड़ों रुपये की परियोजना में निर्माण के दौरान ही इस तरह की खामी सामने आना गंभीर मामला है। अब सबकी नजर जांच रिपोर्ट पर टिकी है, जो तय करेगी कि यह सामान्य तकनीकी समस्या है या फिर निर्माण गुणवत्ता में बड़ी चूक है।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर तेजी से हो रहा था काम
मुख्यमंत्री बनने के बाद पहली बार तारापुर पहुंचे मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने NHAI के अधिकारियों को मुंगेर से भागलपुर के बीच निर्माणाधीन फोरलेन का काम 15 जुलाई तक हर हाल में पूरा करने का निर्देश दिया था, ताकि श्रावणी मेला में श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की समस्या का सामना नहीं करना पडे़। मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद निर्माण कार्य तीव्र गति से किया जा रहा था।
भागलपुर जिले के गनगनिया के समीप फोरलेन सड़क में दरार की सूचना मिली है। जांच के लिए टीम गई है। जांच के बाद ही सड़क में दरार के कारण का पता चलेगा। फोरलेन अभी अंडर कंस्ट्रक्शन है। ऐसे में जांच में बड़ी दिक्कतें आती है, तो मरम्मत की बजाय उस हिस्से को तोड़ कर फिर से बनाया जाएगा। बिटुमिन सेटलमेंट (अलकता-डामर) के कारण दरार की बात सामने आती है तो बिटुमिन सेटलमेंट कराया जाएगा। -मनीष कुमार, परियोजना निदेशक, NHAI