मुंगेर में गंगा किनारे 1111000 दीये हुए जगमग, CM सम्राट ने दोहराया बिहार से पलायन रोकने का संकल्प
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मुंगेर के कल्याणपुर में दीपोत्सव के दौरान बिहार की समृद्धि और रोजगार का संकल्प लिया। उन्होंने ...और पढ़ें
-1794052474762_m.webp)
सीएम सम्राट चौधरी। फाइल फोटो
HighLights
सीएम ने 11.11 लाख दीयों के बीच रोजगार और विकास का संकल्प लिया।
अगले पांच वर्षों में एक करोड़ परिवारों को उद्यमी बनाया जाएगा।
मुंगेर-भागलपुर के बीच मरीन ड्राइव का काम जल्द शुरू होगा।
जागरण संवाददाता, मुंगेर। गंगा किनारे 11 लाख 11 हजार 111 दीयों की रोशनी के बीच मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बिहार की समृद्धि और रोजगार का संकल्प दोहराया।
बरियारपुर प्रखंड के कल्याणपुर में आयोजित राज्य के सबसे बड़े दीपोत्सव में मुख्यमंत्री ने कहा कि अगले पांच वर्षों में एक करोड़ परिवारों को उद्यमी बनाया जाएगा और एक करोड़ लोगों को नौकरी एवं रोजगार दिया जाएगा।
लक्ष्य है कि वर्ष 2030 तक बिहार के किसी व्यक्ति को मजदूरी के लिए दूसरे राज्यों में पलायन नहीं करना पड़े। इसके लिए पीपीपी मोड पर उद्योग स्थापित किए जाएंगे। दीपावली के अवसर पर मुख्यमंत्री ने मां लक्ष्मी से बिहार की सुख-समृद्धि की कामना की।
उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम के लंका पर विजय प्राप्त कर अयोध्या लौटने की खुशी में प्रकाश पर्व मनाने की परंपरा शुरू हुई। यह पर्व अंधकार पर प्रकाश और निराशा पर उम्मीद की जीत का प्रतीक है।
सीएम ने कहा कि कल्याणपुर में दुर्गा पूजा पर बेहतर आयोजन हुआ था और इस बार दीपोत्सव का। उन्होंने इसके लिए प्रसिद्ध होम्योपैथ चिकित्सक डॉ. नीतीश चंद्र दुबे के साथ यूथ क्लब और ग्रामीणों को बधाई दी।
गंगा के दोनों किनारों पर विकास की तैयारी
मुख्यमंत्री ने मुंगेर-भागलपुर के बीच मरीन ड्राइव का काम अगले दो महीने में शुरू कराने की बात कही। उन्होंने कहा कि गंगा और किसानों की समस्याओं से वे परिचित हैं।
गंगा में गाद जमा होने से जल प्रवाह और कृषि पर असर पड़ता है। दो नवंबर को इस संबंध में समझौता हुआ है। गाद निकासी के बाद ही बिहार में सड़क निर्माण का काम आगे बढ़ेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गंगा का पानी हनुमाना डैम, खड़गपुर झील और सिंधवारिणी जलाशय तक पहुंचाने की योजना है। इससे सिंचाई की सुविधा बढ़ेगी और जमीन की उर्वरता में सुधार होगा।
उन्होंने फरक्का में गाद जमा होने और बिहार को जरूरत के मुताबिक पानी नहीं मिलने का मुद्दा भी उठाया।समारोह में ऊर्जा मंत्री शैलेश कुमार उर्फ बुलो मंडल, विधायक कुमार प्रणय, एमएलसी लाल मोहन गुप्ता, एनके यादव, बेलहर विधायक मनोज यादव और सुल्तानगंज विधायक ललन मंडल सहित कई जनप्रतिनिधि थे।