शराब के नशे में क्लर्क ने रची खुद के अपहरण की झूठी कहानी, पुलिस ने मुंगेर में होटल का बाथरूम झांका तो खुले कई राज
शराब के नशे में एक क्लर्क ने अपने अपहरण की झूठी कहानी रचकर पुलिस को पूरी रात परेशान किया। मुंगेर पुलिस ने उसे जमालपुर के एक होटल के बाथरूम से बरामद कर ...और पढ़ें

शिक्षा विभाग के क्लर्क मनीष कुमार ने शराब पीकर भाई को फोन कर दी थी खुद के किडनैपिंग की झूठी सूचना
HighLights
शराब के नशे में क्लर्क ने अपहरण का नाटक किया।
पुलिस ने जमालपुर के होटल के बाथरूम से बरामद किया।
शराब पीने और गुमराह करने के आरोप में गिरफ्तार।
संवाद सूत्र, धरहरा (मुंगेर)। शराब के नशे में धुत होकर खुद के किडनैपिंग की मनगढ़ंत कहानी रचने और पुलिस को पूरी रात हलकान करने वाले शिक्षा विभाग के एक क्लर्क को आखिरकार सलाखों के पीछे जाना पड़ा। धरहरा और जमालपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को एक होटल के बाथरूम से बदहवास हालत में बरामद किया। जांच के दौरान शराब पीने की पुष्टि होने पर उसे बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।
देर रात 11:30 बजे आया अपहरण का फोन
घटनाक्रम के संबंध में धरहरा थानाध्यक्ष सोनू कुमार ने बताया कि सोमवार देर रात करीब 11:30 बजे थाने के सरकारी मोबाइल पर अमारी निवासी सचिन कुमार का फोन आया। उसने घबराते हुए पुलिस को बताया कि शिक्षा विभाग में क्लर्क पद पर कार्यरत उसके भाई मनीष कुमार का कुछ अज्ञात बदमाशों ने अपहरण कर लिया है। पीड़ित भाई ने बताया कि मनीष ने किसी तरह छिपकर फोन किया है और वह रो-रोकर अपनी जान बचाने की गुहार लगा रहा है।
लोकेशन ट्रेस कर होटल में पुलिस की दबिश
अपहरण की सनसनीखेज सूचना मिलते ही धरहरा थानाध्यक्ष सोनू कुमार के नेतृत्व में पुलिस तत्काल अलर्ट हो गई। पुलिस ने बिना समय गंवाए मनीष कुमार के मोबाइल नंबर का लोकेशन ट्रेस कराया, जिसकी अंतिम लोकेशन जमालपुर थाना क्षेत्र में मिली। इसके बाद धरहरा पुलिस ने जमालपुर थाना पुलिस के साथ मिलकर संयुक्त छापेमारी अभियान चलाया और जमालपुर स्थित विनायक होटल में अचानक दबिश दी।
बाथरूम का दरवाजा खोलते ही खुला राज
होटल की तलाशी के दौरान एक कमरे के बाथरूम का दरवाजा अंदर से बंद मिला। पुलिस कर्मियों द्वारा काफी देर तक समझाने-बुझाने और आवाज देने के बाद अंदर छिपे क्लर्क मनीष कुमार ने दरवाजा खोला।
खबरें और भी
बाथरूम से बाहर आते ही आरोपी के मुंह से शराब की तेज दुर्गंध आ रही थी। पुलिस उसे तुरंत हिरासत में लेकर जमालपुर थाने आई, जहां ब्रेथ एनालाइजर (Breath Analyzer) मशीन से उसकी जांच कराई गई। जांच में उसके शरीर में शराब की भारी मात्रा की पुष्टि हुई।
कानूनी कार्रवाई और जेल रवानगी
थानाध्यक्ष सोनू कुमार ने स्पष्ट किया कि किडनैपिंग की सूचना पूरी तरह भ्रामक, झूठी और नशे में रची गई थी। शराब का सेवन करने और पुलिस प्रशासन को गुमराह करने के आरोप में आरोपी क्लर्क के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।