यात्रियों के लिए खुशखबरी: हावड़ा–गया एक्सप्रेस अब एलएचबी रैक के साथ, सफर होगा स्मूद और सुरक्षित
हावड़ा-गया एक्सप्रेस (13023) में अब पुराने आईसीएफ रैक की जगह आधुनिक एलएचबी रैक लगाए जाएंगे। 20 फरवरी से हावड़ा से चलने वाली यह ट्रेन यात्रियों को अधिक ...और पढ़ें

भारतीय रेल : हावड़ा से गया के बीच चलने वाली 13023 हावड़ा–गया एक्सप्रेस ट्रेन।
HighLights
हावड़ा-गया एक्सप्रेस में अब एलएचबी रैक लगेंगे।
20 फरवरी से मिलेगी सुरक्षित और आरामदायक यात्रा।
बेहतर सस्पेंशन, आधुनिक सुविधाओं से लैस होंगे कोच।
संवाद सूत्र, जमालपुर (मुंगेर)। भारतीय रेल : हावड़ा से गया के बीच चलने वाली 13023 हावड़ा–गया एक्सप्रेस के यात्रियों को अधिक सुरक्षित, आरामदायक और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही है। अब इस ट्रेन में पुराने रैक की जगह एलएचबी (लिंक हाफमैन बुश) रैक लगाए जाएंगे। रेलवे अधिकारियों के अनुसार नए कोचों के साथ यह ट्रेन 20 फरवरी से हावड़ा से रवाना होगी।
अब तक हावड़ा–गया एक्सप्रेस का संचालन आइसीएफ रैक के साथ किया जा रहा था, लेकिन यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने इसे एलएचबी रैक में परिवर्तित करने का निर्णय लिया है। एलएचबी रैक आधुनिक तकनीक से निर्मित होते हैं और इन्हें भारतीय रेल में अधिक सुरक्षित माना जाता है। इन कोचों में बेहतर ब्रेकिंग सिस्टम, मजबूत बॉडी संरचना और झटकों को कम करने वाली विशेष तकनीक होती है, जिससे दुर्घटना की स्थिति में नुकसान कम होता है। वर्तमान में हावड़ा-गया एक्सप्रेस 16 कोच के साथ यात्रियों को सेवा दे रही है। नए आदेश के लागू होने के बाद यह ट्रेन 15 बोगियों के साथ चलेगी।
- 20 फरवरी से बदल दिया जाएगा रैक, आरामदेय होगा पहले से सफर
- कई माह से यात्रियों की थी मांग, अब जाकर पूरा हुआ यात्रियों का अरमान
हालांकि, बोगियों की संख्या में एक की कमी होगी, लेकिन एलएचबी कोच की सुविधा और क्षमता के कारण यात्रियों को यात्रा के दौरान अधिक आराम का अनुभव होगा। इन कोचों में बेहतर सस्पेंशन सिस्टम होने से यात्रा अधिक स्मूद होगी और शोर व कंपन भी कम महसूस होगा। रेलवे सूत्रों के अनुसार, एलएचबी कोच में साफ-सुथरे शौचालय, बेहतर वेंटिलेशन, आधुनिक सीटिंग व्यवस्था और अधिक सुरक्षित कपलिंग सिस्टम उपलब्ध होता है। इससे लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों को विशेष लाभ मिलेगा। हावड़ा-गया एक्सप्रेस में एलएचबी कोच लगाए जाने के निर्णय से यात्रियों में खुशी देखी जा रही है। यात्रियों का मानना है कि इससे न केवल यात्रा का स्तर सुधरेगा, बल्कि सुरक्षा के लिहाज से भी यह एक अहम कदम साबित होगा।