विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मुंगेर के जमालपुर में 18.5 लाख की डकैती के अगले ही दिन दुकान में चोरी, पुलिस की गश्त पर उठे सवाल

Published: Wed, 23 Sep 2026 04:35 PM (IST)

जमालपुर में सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य के घर 18.50 लाख की डकैती के बाद 24 घंटे के भीतर एक दुकान से 70 हजार रुपये की चोरी हुई।

डकैती के अगले ही दिन दुकान में चोरी

डकैती के अगले ही दिन दुकान में चोरी

HighLights

  1. सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य के घर 18.50 लाख की डकैती।

  2. 24 घंटे में दूसरी वारदात, दुकान से 70 हजार चोरी।

  3. सीसीटीवी में संदिग्ध युवक कैद, पुलिस जांच में जुटी।

संवाद सहयोगी, जमालपुर (मुंगेर)। जमालपुर में बदमाशों के हौसले बुलंद हैं और पुलिस की सक्रियता पर सवाल खड़े हो रहे हैं। मंगलवार को सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य के घर 18.50 लाख रुपये की डकैती के बाद 24 घंटे के भीतर ही बुधवार को चोरी की दूसरी वारदात सामने आ गई। 

दौलतपुर क्षेत्र में बदमाश दुकान को निशाना बनाकर करीब 70 हजार रुपये नकद समेत जरूरी सामान ले गए। दौलतपुर वार्ड संख्या आठ निवासी आदर्श कुमार सिंह ने जमालपुर थाना में आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है। 

उन्होंने बताया कि बुधवार को प्रतिदिन की तरह धर्मशाला रोड स्थित अपनी दुकान खोलने पहुंचे। दुकान खोलते ही सामान और नकदी गायब देखकर उनके होश उड़ गए। आवेदन के अनुसार, दुकान से करीब 70 हजार रुपये नकद, आधार कार्ड, पैन कार्ड सहित अन्य सामान चोरी हुए हैं।

सीसीटीवी में संदिग्ध, फिर भी पुलिस के हाथ खाली

दुकानदार ने घटना के बाद दुकान में लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला। इसमें करीब 25 से 30 वर्ष का एक संदिग्ध युवक दुकान के आसपास दिखाई दे रहा है। यानी पुलिस के सामने सुराग भी है और संदिग्ध की तस्वीर भी, अब चुनौती उसकी पहचान और गिरफ्तारी की है। लगातार घटनाओं के बीच सवाल यह है कि आखिर बदमाशों में पुलिस का खौफ क्यों नहीं है। 

एक वारदात की जांच पूरी भी नहीं होती कि दूसरी घटना सामने आ जाती है। इससे बाजार और आवासीय इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर दुकानदारों और स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ गई है। 

दुकानदार ने पुलिस से सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्ध की पहचान कर चोरी की नकदी व सामान बरामद करने और कार्रवाई की मांग की है। थानाध्यक्ष पंकज कुमार पासवान ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें- कब किसके घर पड़ेगा डाका कहना मुश्किल! जमालपुर की जनता का सवाल- पुलिस कर क्या रही, गश्ती या मटरगश्ती