Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    जमालपुर छिनतई मामले में नया मोड़: पीड़ित परिवार को मिली धमकी, पुलिस ने दिया सुरक्षा का आश्वासन

    Updated: Mon, 02 Feb 2026 04:07 PM (IST)

    जमालपुर के गायत्री नगर में पूर्व प्राचार्य मणिकांत झा से हुई छिनतई मामले में नया मोड़ आया है। पुलिस द्वारा तीन आरोपितों की गिरफ्तारी और नकदी बरामदगी क ...और पढ़ें

    News Article Hero Image

    HighLights

    1. छिनतई पीड़ित परिवार को केस वापस लेने की धमकी मिली।

    2. पुलिस ने धमकी देने वाले दो युवकों को हिरासत में लिया।

    3. बेटी की शादी से पहले परिवार को पुलिस सुरक्षा का आश्वासन।

    संवाद सूत्र, जमालपुर (मुंगेर)। जमालपुर थाना क्षेत्र के गायत्री नगर में पूर्व प्राचार्य मणिकांत झा से हुए दो लाख रुपये की छिनतई मामले में एक बार फिर नया मोड़ आ गया है।

    पुलिस द्वारा 12 घंटे के भीतर मामले का उद्भेदन कर 1.30 लाख रुपये नकद के साथ तीन आरोपितों को बेगूसराय से गिरफ्तार किए जाने के बाद भी पीड़ित परिवार की परेशानी कम होने का नाम नहीं ले रही है।

    सोमवार को इस कांड में शामिल बदमाशों के दो साथी केस उठाने का दबाव बनाने पीड़ित के घर पहुंचे और स्वजन को धमकाने लगे।

    पीड़ित परिवार ने इसकी सूचना तत्काल जमालपुर थाना को दी। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष पंकज कुमार पासवान ने अपर थानाध्यक्ष टीपू सुल्तान को मौके पर भेजा।

    पुलिस ने दोनों युवकों को हिरासत में लेकर थाना लाया। थानाध्यक्ष ने बताया कि पूछताछ के दौरान दोनों ने स्वीकार किया कि मुरारी नामक एक वकील ने उन्हें पीड़ित के घर भेजा था, ताकि केस में समझौता कराया जा सके।

    गिरफ्तार युवकों की पहचान जमालपुर थाना क्षेत्र के दौलतपुर निवासी राबिन राज और ऋषभ कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों से आवश्यक पूछताछ के बाद पीआर बांड भरवाकर छोड़ दिया है।

    इधर, लगातार हो रही घटनाओं से पीड़ित परिवार दहशत में है। एक ओर छिनतई की वारदात, दूसरी ओर केस उठाने की धमकी ने पूरे परिवार को मानसिक रूप से झकझोर कर रख दिया है।

    गुरुवार को पूर्व प्राचार्य मणिकांत झा की बेटी की शादी है और उसी दिन बारात आने वाली है। शादी की तैयारियों के बीच परिवार के सभी सदस्य भय और अनिश्चितता के माहौल में जी रहे हैं। किसी अनहोनी की आशंका को लेकर परिजनों ने जमालपुर पुलिस से सुरक्षा की गुहार लगाई है।

    इस संबंध में थानाध्यक्ष पंकज कुमार पासवान ने पीड़ित परिवार को भरोसा दिलाया कि पुलिस पूरी तरह उनके साथ है। उन्होंने कहा कि आप निश्चिंत होकर बेटी की शादी करें, पुलिस हर कदम पर आपकी सुरक्षा में खड़ी है। जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त बल की तैनाती भी की जाएगी।

    पुलिस के इस आश्वासन के बाद परिवार को कुछ राहत जरूर मिली है, लेकिन घटना ने इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

    खबरें और भी